सिविल अस्पताल में एक्स-रे शुरू होने से मरीजों ने ली राहत की सांस
सिविल अस्पताल में एक्स-रे विभाग के काम शुरू करने से मरीजों ने राहत की सांस ली।
जागरण संवाददाता, जालंधर : सिविल अस्पताल में एक्स-रे विभाग के काम शुरू करने से मरीजों ने राहत की सांस ली। वीरवार को सिविल अस्पताल में मरीजों के करीब 165 एक्स-रे किए गए।
दैनिक जागरण में एक्स-रे की सेवा बंद होने का समाचार प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया था और इस परेशानी को हल करवाया। खास बात यह है कि इस माह में दूसरी बार एक्स-रे सेवाएं ठप होने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। सिविल अस्पताल में पहले एक्सरे फिल्में खत्म होने की वजह से पांच दिन तक एक्सरे विभाग की सेवाएं बंद रही थीं। इसके बाद बुधवार को एक्स-रे यूनिट का एसी खराब होने से मशीन नहीं चल पाई थी। कई मरीजों को निजी सेंटरों से मंहगा एक्स-रे करवा कर इलाज करवाना पड़ा। सिविल अस्पताल के कार्यकारी एमएस डा. गुरमीत लाल ने बताया कि उन्हें एक्स-रे विभाग का एसी खराब होने की सूचना मिली मिली थी। उसे ठीक करवा दिया गया है और दोबारा सेवाएं शुरू कर दी हैं।