गोल मार्केट में मराकी शोरूम से कपड़े चुराकर ले गई महिलाएं
गोल मार्केट में स्थित रेडीमेड लेडीज शोरूम मराकी में रविवार दोपहर को नौसरबाज महिलाएं हजारों के लेडीज सूट चुराकर ले गई।
संवाद सहयोगी, जालंधर : मिट्ठापुर के पास गोल मार्केट में स्थित रेडीमेड लेडीज शोरूम मराकी में रविवार दोपहर को नौसरबाज महिलाएं हजारों के लेडीज सूट चुराकर ले गई। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शोरूम मालिक गोल मार्केट निवासी मनोज अरोड़ा ने थाना सात की पुलिस को सूचना दे दी है।
मनोज ने बताया कि दोपहर तीन बजे एक महिला दुकान पर आई और सूट दिखाने को कहा। इसके बाद एक और महिला आई और वो भी सूट देखने लगी। इसी बीच तीसरी महिला भी आई जिसके हाथ में एक बच्चा था और उसने शाल लिया हुआ था। आधा घंटा तीनों सूट देखती रहीं और बाद में रेट न बनने का बहाना करके वहां से चली गई। इसके बाद जब वह सूट संभालने लगे तो सूट गिनती में कम थे। करीब पांच सूट गायब थे। सीसीटीवी चेक किए तो उसमें सूट चुराती हुई महिला नजर आ रही थी। महिला सूट उठाकर शाल में डाल रही थी। उसने बच्चे को भी शॉल से ढंका हुआ था।