मिट्टी का तेल डालकर जलाने की कोशिश, महिला ने देवरानी पर लगाए आरोप Jalandhar News
सादिकपुर की महिला ने देवरानी पर अपने पति और भाई के साथ आग लगाकर जलाने का आरोप लगाया है।
शाहकोट, जेएनएन। गांव सादिकपुर की महिला ने अपनी देवरानी पर पति और भाई संग मिलकर तेल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है। पीड़िता रूबी पुत्री दर्शन लाल निवासी नवांपिंउ भट्ठा (कपूरथला) ने बताया कि लगभग दो साल पहले उसकी शादी सुखबीर सीरी पुत्र जीतराम निवासी सादिकपुर से हुई। शादी के 2 माह बाद पति हॉलैंड चला गया और वापिस नहीं आया।
रूबी ने बताया कि उसके पति सुखबीर की शह पर देवर और देवरानी विवाह के कुछ समय बाद ही उसे तंग करने लगे। कई बार पुलिस को शिकायत करने पर भी कोई हल नहीं निकला और हर बार समझौता होता रहा। रूबी ने बताया कि बुधवार की रात को वह घर में ऊपरी मंजिल में बरामदे में बैठी थी। रात करीब 10 बजे उसकी देवरानी कुलविंदर कौर उर्फ सुनीता ने अपने पति सुखविंदर सिंह उर्फ काला तथा अपने भाई निक्का को बुलाकर उसके कपड़ों पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाकर मारने की कोशिश की। वह तुरंत शोर मचाते हुए भागकर बाथरूम में गई और पानी डाल कर आग बुझाई। इतने में गांववासी इकट्ठे हो गए और पड़ोसियों की सहायता से उसे सरकारी अस्पताल दाखिल करवाया।
रूबी ने आरोप लगाया कि उसने 181 नंबर पर पुलिस को शिकायत की। अस्पताल में रूबी के पिता दर्शन लाल और माता कृष्णा ने बताया कि शाहकोट के थाना प्रमुख सुरेंद्र कुमार ने अस्पताल में आकर लड़की का हालचाल पूछा लेकिन कोई बयान नहीं लिया और न ही कोई कार्रवाई की। वहीं वीरवार को पीड़िता का हालचाल जानने पहुंचे शिरोमणि रंगरेटा दल यूथ पंजाब के अध्यक्ष अमरजीत ईदा, पंजाब के उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह कंता ने चेतावनी दी कि अगर पीड़िता को इंसाफ न मिला तो शाहकोट पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा।
रूबी ने आरोप लगाया कि दो साल से पति घर नहीं आया और देवरानी कुलविंदर कौर उर्फ सुनीता दो बार उसके पति पास रहकर आ चुकी है। उसने आरोप लगाया कि सुनीता के उसके पति से नाजायज संबंध हैं।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
इस मामले संबंधी जब मॉडल पुलिस स्टेशन शाहकोट के थाना प्रमुख सुरेंद्र कुमार कंबोज ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल जारी है। पीड़िता के बयानों के बाद सारे मामले की जांच की जाएगी और जो भी इस मामले में दोषी पाया गया, उसके खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें