शशि शर्मा पर हमले के गवाह को धमकी, दलबीरा के खिलाफ गवाही दी तो मार देंगे गोली Jalandhar News
पंजाब मानवाधिकार संगठन के प्रधान शशि शर्मा और उनके बेटे सन्नी पर कातिलाना हमले के मामले में मुख्य गवाह राजीव शर्मा को शुक्रवार को धमकी दी गई।
जालंधर, जेएनएन। पंजाब मानवाधिकार संगठन के प्रधान शशि शर्मा और उनके बेटे सन्नी पर कातिलाना हमले के मामले में मुख्य गवाह राजीव शर्मा को शुक्रवार को अदालत परिसर में कुछ लोगों ने सरेआम जान से मारने की धमकी दी। राजीव ने तुरंत डीसीपी गुरमीत सिंह को फोन कर दिया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही धमकी देने वाले युवक फरार हो गए।
थाना बारादरी की पुलिस को दी शिकायत में मानवाधिकार सुरक्षा फ्रंट के प्रधान राजीव शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को किसी केस में उनकी तारीख थी। वह अदालत परिसर में पहुंचे तो वहां खड़े युवक उन्हें घूरने लगे। इसी बीच उक्त युवक उनके पास आए और धमकी देने लगे कि दलबीरा के खिलाफ गवाही दी तो गोली मार देंगे। उन्होंने तुरंत डीसीपी गुरमीत सिंह को फोन किया, जिन्होंने कंट्रोल रूम में फोन कर पुलिस भेजने को कहा। उसे फोन करते देख धमकी देने वाले तुरंत वहां से निकल गए। राजीव का कहना है कि इससे पहले भी उन्हें धमकी मिल चुकी है।
पुलिस ने कातिलाना हमले में दलबीरा को पकड़ा था
27 नवंबर 2018 को शशी शर्मा व उनके बेटे सन्नी पर दलबीरा व उसके साथियों ने उनके दफ्तर में ही कातिलाना हमला किया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर दलबीरा व उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था। इस हमले के मुख्य गवाह राजीव शर्मा हैं, जिनकी गवाही एडिशनल सेशन जज हीरा सिंह गिल की अदालत में हुई थी। अगली तारीख 19 फरवरी 2020 की है।