यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 12, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सचिन, विराट के बाद पंजाब के शमिंदर को विंबलडन का सलाम
प्रतिष्ठित ग्रैंडस्लैम विंबलडन के आयोजकों ने पंजाब के शमिंदर को वूमन्स फाइनल का न्योता भेजा है। इससे पहले सचिन व विराट को एेसा सम्मान मिल चुका है।

जालंधर [अभिषेक श्रीवास्तव]। खेल के मैदान में खिलाड़ियों का हुनर तो हर कोई देखता है, लेकिन कई ऐसी प्रतिभाएं भी होती हैं जो मैदान के बाहर बैठकर भी लोगों को दिल जीत लेती हैं। ऐसी ही एक प्रतिभा हैं पंजाब के फगवाड़ा निवासी शमिंदर सिंह, जिन्होंने 12000 टूथपिक्स से विंबलडन के सेंटर कोर्ट का हूबहू शानदार मॉडल तैयार किया है। जब विंबलडन के आयोजकों ने यह देखा तो वे अभिभूत हुए बिना नहीं रह सके और उन्होंने 15 जुलाई को सेंटर कोर्ट पर खेले जाने वाले वूमंस फाइनल मैच देखने के लिए शमिंदर को खास न्यौता दे दिया। इससे पहले देश में सिर्फ सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को यह सम्मान मिल सका है। शमिंदर यह सम्मान प्राप्त करने वाले पहले गैर खिलाड़ी भारतीय और पहले पंजाबी हैं।
31 वर्षीय शमिंदर को सेंटर कोर्ट का हूबहू मॉडल तैयार करने में 10 माह व कुछ दिन का समय लगा। उन्होंने इसपर पिछले साल सितंबर में काम शुरू किया था और यह 3 जुलाई को बनकर तैयार हुआ। इस स्टेडियम का डिजाइन बहुत यूनीक व कठिन है। फेमस टेनिस कोर्ट के इस मॉडल में खुलने और बंद होने वाली छत, बालकनी, सीढिय़ा और सबसे अहम रॉयल बॉक्स भी है।
शमिंदर हालांकि पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं, लेकिन टूथपिक से मॉडल तैयार करना उनका जुनून बन गया है। शमिंदर ने लंदन से फोन पर बताया, इसे बनाने का काम मैंने दस महीने पहले शुरू किया था और हर हफ्ते 40 घंटे इस पर काम करता था। मैं कुछ अलग बनाना चाहता था, कुछ खास।'
शमिंदर इसे बच्चों की मदद के लिए नीलाम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'जो भी रकम नीलामी से मिलेगी उसे यूनिसेफ के सेव चिल्ड्रेन में दान करूंगा।' उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ अलग करने की प्रेरणा बच्चों की मदद के उद्देश्य से ही मिली।

12000 टूथपिक्स तैयार विंबलडन सेंटर कोर्ट।
विंबलडन के मॉडल का साइज
-28 इंच गुणा 32 इंच
-हाइट 12 इंच
अन्य उपलब्धियां
शमिंदर विंबलडन का मॉडल बनाने से पूर्व सिर में गेंद लगने से असमय मौत का शिकार बने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज फिलिप ह्यूज की स्मृति में ओल्ड ट्रैफडऱ् स्टेडियम का मॉडल भी बना चुके हैं। इसके अतिरिक्त वह यूके के ही मॉनचेस्टर फुटबाल स्टेडियम का भी मॉडल बना चुके हैं, जो टूथपिक से बनाया गया वल्र्ड का सबसे छोटा मॉडल है। इसके लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है।
आठ साल पहले गए थे लंदन
शमिंदर ने बताया कि वह आठ साल पहले लंदन गए थे। उनके साथ उनके भाई सोनू भी कोवेंट्री में रहते हैं। मॉडल बनाने में सोनू ने उनकी आर्थिक मदद की और हमेशा प्रोत्साहित किया। शमिंदर यहां एक कंपनी में फोकलिस्ट ड्राइवर हैं।
फगवाड़ा में रहते हैं माता-पिता
शमिंदर मूल रूप से फगवाड़ा के गांव धानोकी के रहने वाले हैं। उनके पिता दलवीर सिंह इलेक्ट्रीशियन हैं और यहां उनका अपना इलेक्ट्रिक के सामान का स्टोर है। उनकी माता राजरानी ने भी हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया है।
खुद हैं क्रिकेट के शौकीन
शमिंदर खुद क्रिकेट के शौकीन रहे हैं और उन्होंने फगवाड़ा के लिए कई मैच खेले हैं। उनके फेवरेट टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर व मार्टिना हिंगिस हैं। भारतीयों में वह सचिन, विराट कोहली व सानिया मिर्जा के फैन हैं।
यह भी पढ़ें: SYL पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से विपक्ष के निशाने पर आई सरकार
