Punjab Weather Update: जालंधर में छाए बादल, फाजिल्का में बारिश से मंडी में पड़ा धान भीगा
फाजिल्का और मानसा में हल्की बारिश का समाचार है। फरीदकोट में आसमान में बादल छाए हुए हैं। दूसरी ओर रूपनगर में आसमान साफ है और लोग खिली धूप का आनंद उठा रहे हैं।
जालंधर, जेएनएन। पिछले 24 घंटे में जालंधर सहित पंजाब के अधिकतर जिलों में सूरज की लुकाछिपी का खेल जारी है। जालंधर में सुबह हल्की ठंड के साथ सूरज का बादलों के साथ लुका-छिपी का खेल जारी है। फाजिल्का और मानसा में हल्की बारिश का समाचार है। फरीदकोट में आसमान में बादल छाए हुए हैं। दूसरी ओर रूपनगर में आसमान साफ है और लोग खिली धूप का आनंद उठा रहे हैं।
जालंधर में सुबह-सुबह छाई धुंध
जालंधर में सुबह हल्की धुंध से जनजीवन प्रभावित रहा। यहां आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना बनी हुई है। तापमान में गिरावट से लोगों को ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। दोआबा कॉलेज के प्रो. दलजीत सिंह का कहना है कि पहाड़ों की चोटियों पर बर्फ पड़ने की वजह से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर चलने से धुंध और ठंड बढ़ रही है। हालांकि वायु प्रदूषण कम हुआ है।
फाजिल्काः रात भर हुई बारिश, मंडी में पड़ा धान भीगा
फाजिल्का में रात को रुक-रुक कर हुई बारिश से मंडी में पड़ा धान भीग गया है। किसान अब धान सूखने तक मंडियों में बैठने को मजबूर होंगे। शनिवार सुबह भी हल्की बारिश का दौर जारी है। इससे न केवल शहर के निचले हिस्सो में बरसाती पानी जमा हो गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फाजिल्का में शुक्रवार रात को बारिश के बाद मंडी में भीगा पड़ा धान।
मानसा में शनिवार सुबह हल्की हल्की बारिश हुई है। फिलहाल आसमान में बादल छाएं हैं और ठंडी हवाएं चल रही है। बारिश की संभावना लगातार बनी हुई है।
शनिवार सुबह मानसा में हल्की बारिश के बाद आसमान में बादल छाए हुए हैं।
दूसरी ओर रूपनगर में आसमान साफ है और धूप खिली हुई है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें