वीकएंड पर बढ़े तापमान के बीच तपिश ने किया बेचैन
जागरण संवाददाता, जालंधर : वीकएंड पर रविवार को बढ़े तापमान में तपिश महसूस होने से लोगों
जागरण संवाददाता, जालंधर : वीकएंड पर रविवार को बढ़े तापमान में तपिश महसूस होने से लोगों में बैचेनी देखी गई। हालांकि किसानों के लिए बढ़ता पारा फिलहाल उनके चेहरे पर मुस्कान लेकर आया है। पर मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसानों की ये खुशी अभी ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली है। 19 व 20 को तेज आंधी के साथ फिर से बारिश हो सकती है।
शहर में वीकएंड पर इस बार मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप रहने से अकसर छुट्टी के दिन मोबाइल की दुनिया में खोए रहने वाले लोग भी बड़ी संख्या में उस दुनिया से बाहर या तो बाजारों में खरीदारी करते दिखे या शाम को पार्को अथवा देवी तालाब आदि धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में देखे गए। हालांकि बढ़ते तापमान के कारण घरों से बाहर निकले लोग कुछ परेशान जरूर दिखे, क्योंकि रविवार को दोपहर को बढ़ी तपिश महसूस की गई। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। हालांकि ये तापमान सामान्य तापमान की श्रेणी में आता है। न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 16 से लेकर 18 अप्रैल तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। 19 अप्रैल को तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। 20 अप्रैल को भी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इससे तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है।
खेतों में इन दिनों गेहूं की कटाई रविवार से तेजी पकड़ती दिखाई देने लगी है, ऐसे में अगर फिर से बारिश हो गई तो किसानों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है।