जालंधर में टायर फटते ही बेकाबू हुई वेरका की गाड़ी, पीएपी फ्लाईओवर पर पलटी; बाल-बाल बची ड्राइवर की जान
जालंधर के पीएपी फ्लाईओवर पर वेरका दूध की गाड़ी का टायर फटने से वह बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, हालांकि हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य करवाया।

टायर फटने के बाद घटनास्थल पर पलटी वेरका की गाड़ी (जागरण फोटो)
HighLights
पीएपी फ्लाईओवर पर वेरका दूध की गाड़ी पलटी
टायर फटने से बेकाबू हुई गाड़ी, चालक सुरक्षित
हादसे के कारण हाईवे पर लगा लंबा जाम
जागरण संवाददाता, जालंधर। पीएपी फ्लाईओवर पर बुधवार को वेरका दूध की गाड़ी का टायर अचानक फटने से वाहन बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि गाड़ी पलटने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।
गाड़ी चालक ने बताया कि वह फिल्लौर से गाड़ी खाली करने के बाद जालंधर की ओर आ रहा था। जब वह पीएपी फ्लाईओवर पर पहुंचा तो अचानक गाड़ी का टायर फट गया।
टायर फटते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला, लेकिन उसकी जान बच गई।
घटना के बाद चालक ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पीसीआर और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी हुई गाड़ी को सड़क से हटवाया। इसके बाद हाईवे पर फंसे वाहनों को निकलवाकर यातायात सामान्य करवाया गया। हादसे के चलते कुछ समय तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।