भोगपुर में 2.12 लाख टन चीनी का होगा उत्पादन, फरीदकोट की मशीनरी से मिल का होगा नवीनीकरण
भोगपुर सहकारी चीनी मिल के 63वें पिराई सीजन 2018-19 का सोमवार को पूर्व मंत्री महेन्दर सिंह केपी ने शुभारंभ किया। चालू सत्र में 19.50 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई की जायेगी।
जालंधर, जेएनएन : भोगपुर सहकारी चीनी मिल के 63वें पिराई सीजन 2018-19 का सोमवार को पूर्व मंत्री महेन्दर सिंह केपी ने शुभारंभ किया। चालू सत्र में 19.50 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई की जायेगी। उससे लगभग 2,12,550 क्विंटल चीनी और 84825 क्विंटल सीरा तैयार होगा। सिंह सभा गुरुद्वारा साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के पश्चात मिल में गन्ना लाने वाले पहले 5 किसानों को सम्मानित किया गया। कांग्रेस नेता मोहिंद सिंह केपी ने कहा कि भोगपुर सहकारी चीनी मिल के पिछले सालों के कार्यकाल को देखते हुए इसके नवीनीकरण का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने फरीदकोट सहकारी चीनी मिल के प्लांट और मशीनरी को यहां लाने की मंजूरी दे दी है।
इस अवसर पर गुरकंवल सिंह डायरेक्टर शुगरफैड पंजाब, सुक्खा सिंह डिप्टी रजिस्ट्रार, सहकारी सभाएं, सहकारिता मंत्री पंजाब के राजनैतिक सचिव गुरइकबाल सिंह काहलों, सुरिन्दर सिंह, सहायक रजिस्ट्रार, जगदीश सिंह सीसीडीओ, परमजीत सिंह चीफ इंजीनियर, पीवी दूबे चीफ कमिश्नरेट, अवतार सिंह उप मुख्य लेखा अधिकारी व किसान उपस्थित थे।
जीएम का दावा- 14 दिन में होगी अदायगी, पिछला बकाया एक हफ्ते में मिलेगा
चीनी मिल के जनरल मैनेजर बीएस गिल ने बताया कि मिल अप्रैल के दूसरे सप्ताह तक चलेगी और पूरे क्षेत्र के गन्ना पिराई के बाद ही मिल को बंद किया जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि किसानों को गन्ना अदायगी 14 दिनों के भीतर कर दी जायेगी। पिछले साल की बकाया 1858.13 लाख रुपये की अदायगी भी एक सप्ताह के अंदर कर दी जायेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वह साफ सुथरा और ताजा गन्ना ही मिल में लाएं, ताकि किसानों को किसी किस्म की परेशानी का सामना ना करना पड़े। इन्हें मिला सम्मान मिल में सबसे पहले गन्ना लाने वाले 5 किसानों हरमिन्दर सिंह गांव नूरपुर, सरबजीत सिंह गांव चक्क झंडू, बलजिन्दर सिंह, तिरलोचन सिंह निवासी गांव चाहड़के और रछपाल सिंह निवासी गांव अराईयां को सम्मानित किया गया। मिल में 2018-19 के दौरान सेवामुक्त हुए 10 कर्मचारियों को भी सम्मान चिन्ह और प्रशंसा पत्र दिया गया।