एक्टिवा ने छह महीने बाद शातिर चोर पकड़वाया, टेलरिंग का काम छोड़ करने लगा था चोरी
थाना रामा मंडी पुलिस ने चोरी के आरोप में लुधियाना निवासी राज कुमार (55) को गिरफ्तार किया है। आरोपित से सोने की तीन बालियां, एक टोपस और 5 अंगूठियां बरामद हुई हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर : गुरु नानकपुरा वेस्ट में रहते रिटायर्ड रेलवे कर्मी के घर से 6 माह पहले 16 तोले से अधिक सोने के गहने और एक लाख रुपये कैश चोरी हो गया था। इस मामले में थाना रामा मंडी पुलिस ने लुधियाना निवासी राज कुमार (55) को गिरफ्तार किया है। आरोपित से सोने की तीन बालियां, एक टोपस और 5 अंगूठियां बरामद हुई हैं।
शुक्रवार को एडीसीपी-1 परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि आरोपित वारदात को अंजाम देने के लिए एक्टिवा पर गया था। इस दौरान सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने एक्टिवा के नंबर के आधार पर करीब 6 माह बाद बुधवार को आरोपित को उसके लुधियाना स्थित घर से दबोचा। आरोपित की तीन लड़कियां है, जिनकी शादी हो चुकी है। उसकी पत्नी उसे कई साल पहले छोड़कर चली गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपित पहले सिलाई का काम करता था, लेकिन कुछ साल पहले उसने यह काम छोड़ दिया था। हालांकि अभी तक की जांच में उसके खिलाफ पहले से कोई भी चोरी का केस दर्ज नहीं पाया गया।
एसएचओ जीवन सिंह ने बताया कि आरोपित के पास से अभी चोरी किया गया पुरा सामान बरामद नहीं किया जा सका। इस कारण उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि इस दौरान इलाके में हुई अन्य चोरी की वारदातें भी ट्रेस हो पाएं।
पावरकॉम क्लर्क के घर से गहने चुराने वाला गिरफ्तार
थाना रामामंडी पुलिस ने एक सप्ताह पहले लद्देवाली में रहते पावरकॉम में क्लर्क के घर से चार तोले सोना चुराने के आरोप में गांव बोलीना के रहने वाले दीपक कुमार उर्फ दीपू (25) को गिरफ्तार किया है। मोबाइल रिपेयरिंग शॉप चलाने वाले दीपक को पुलिस ने शुक्रवार को लद्देवाली यूनिवर्सिटी के पास काबू किया। एडीसीपी-1 परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि 6 जनवरी को बलविंदर सिंह किसी समारोह में गए थे। शाम साढ़े 4 बजे जब वह वापस अपने घर पहुंचे तो उनके मेन गेट का ताला टूटा था। चोर का मोबाइल वहीं छूट गया था। इसकी सहायता से पुलिस आरोपित तक पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित से एक जोड़ा सोने के कांटे, एक जोड़ा सोने की बालियां और सोने की दो अंगूठियां बरामद की हैं।