पैर छूकर एनआरआइ के घर में दाखिल हुआ शातिर युवक, उड़ा ले गया शादी के गहने
शातिर युवक एनआरआइ के घर में दाखिल हुआ और पहले महिला का आशीर्वाद लेकर घर खंगाला। इसके बाद वह गहने चोरी कर फरार हो गया।
जेएनएन, जालंधर। मां ने इटली में रहने वाले बेटे की बहू के लिए गहने बनवाए थे। बेटे की दो माह बाद शादी है। इसकी तैयारियां चल रही थी। इसी बीच, गत दिवस स्कूटी सवार युवक आया और महिला के पैर छूकर घर के अंदर दाखिल हो गया। महिला उस समय घर पर अकेली थी। युवक ने इत्मीनान से पानी पिया और घर की तलाशी लेकर गहने चुराकर फरार हो गया।
घटना जालंधर स्थित भार्गव कैंप के जल्लोवाल आबादी की है। 70 साल की बुजुर्ग महिला रामप्यारी के इटली में रहने वाले बेटे रिंकू की दो माह बाद होने वाली शादी होने वाली है। उसने यह गहने शादी के लिए बनवाए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
श्यामलाल ने बताया कि उसकी मॉडल हाउस मेन रोड पर टेलर की दुकान है। उनका छोटा भाई रिंकू इटली में है। उसकी शादी की तैयारियां चल रही हैं। मां राम प्यारी ने गहने बनवा रखे थे। घर में उनकी पत्नी अमनदीप, बच्चे और मां हैं। दोपहर बाद करीब पौने चार बजे पत्नी बच्चों को लेकर पड़ोस में ट्यूशन के लिए छोड़ने गई थी। घर में केवल मां थीं।
इसी बीच, एक युवक एक्टिवा से आया, पड़ोस में रहने वाली भतीजी को देख उसने पहले किसी प्रदीप के बारे में पूछा। जब भतीजी ने किसी प्रदीप के न होने का बताया तो वह बोला कि पिछली बार यहीं आया था। तभी युवक मौका पाकर मां के पास पहुंच गया। उनके पैर छूकर पास रखे जग से पानी पीया। फिर कहा मैं जरा तेल लेकर आया, मेरी एक्टिवा का ख्याल रखना।
युवक बाहर जाने के बजाय अंदर चला गया। कुछ देर बाद बाहर आया कहा कि बाथरूम गया था। इसके बाद चुपचाप एक्टिवा स्टार्ट कर निकल गया। जब पत्नी पहुंची तो चोरी की बात पता चली।
यह भी पढ़ेंः बेटी को शराब पिलाकर सौतेला बाप करता था दुष्कर्म, पड़ोसन लेकर पहुंची पुलिस के पास