Move to Jagran APP

जागरण फिल्म फेस्टिवल : जहां पहुंचे केएल सहगल और यश चोपड़ा, जालंधर साथ ही गया

जालंधर ने फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन में भी मुंबई को निराश नहीं किया। शहर का मंडी रोड कभी फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन की मंडी माना जाता था।

By JagranEdited By: Published: Wed, 22 Aug 2018 01:02 PM (IST)Updated: Wed, 22 Aug 2018 01:02 PM (IST)
जागरण फिल्म फेस्टिवल : जहां पहुंचे केएल सहगल और यश चोपड़ा, जालंधर साथ ही गया
जागरण फिल्म फेस्टिवल : जहां पहुंचे केएल सहगल और यश चोपड़ा, जालंधर साथ ही गया

मनुपाल शर्मा, जालंधर : सुपरहिट फिल्म देवदास हो या सिलसिला। कभी-कभी, लम्हे, दीवार, चांदनी, डर, दिल तो पागल है, जब तक है जान, वीर-जारा जैसी दुनिया भर में छा जाने वाली फिल्मों का नाता अपने शहर से रहा है। अपने अभिनय से देवदास को अमर बना देने वाले केएल सहगल जालंधर के थे। दर्जनों सुपर हिट फिल्मों के प्रोड्यूसर-डायरेक्टर यश चोपड़ा का अल्हड़पन भी इन्हीं गलियों ने देखा था। यश चोपड़ा के भाई बीआर चोपड़ा ने भी जालंधर को माया नगरी में पहचान दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

loksabha election banner

बहुत कम लोग जानते होंगे कि कभी रुपहले पर्दे पर अपनी अदाओं से सभी का दिल जीतने वाली बेगम पारा भी बस्तियात इलाके की थीं। खरैती भैंगा और सतीश ने भी अभिनय में मुकाम हासिल किया था। वरुण शर्मा और सुगंधा मिश्रा शहर से निकले नई पीढ़ी के अभिनेताओं में शुमार हैं। अभिनय से बढ़कर शहर डायरेक्शन और प्रोडक्शन में लंबे अरसे से मुंबई को अपना हुनरमंद सौंपता रहा है। चौकीदार फिल्म बनाने वाले रल्हन बंधु और उम्रकैद बनाने वाले सिकंदर खन्ना भी जालंधर के ही थे। सिकंदर खन्ना इससे पहले मनोज कुमार अभिनीत शहीद और उपकार जैसी मशहूर फिल्मों के चीफ असिस्टेंट डायरेक्टर भी रह चुके थे।

फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन का हब था शहर

शहर उत्तर भारत में फिल्मों के डिस्ट्रीब्यूशन का भी बड़ा हब था। फिल्में तैयार होकर डिब्बों में बंद पड़ी नहीं रह सकती। अगर स्टार कास्ट और प्रोड्यूसरों को इंडस्ट्री में बने रहना है तो फिल्म का डिस्ट्रीब्यूशन यानी वितरण मजबूत होना चाहिए। तभी फिल्में बिजनेस कर सकेंगी और इंडस्ट्री का भविष्य भी तय कर सकेंगी। जालंधर ने फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन में भी मुंबई को निराश नहीं किया। शहर का मंडी रोड कभी फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन की मंडी माना जाता था। यहां फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स के दो दर्जन से ज्यादा ऑफिस हुआ करते थे।

बॉबी को रिलीज करवाने खुद राज कपूर जालंधर आए थे

जालंधर की फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन इंडस्ट्री इतनी मायने रखती थी कि विख्यात अभिनेता राज कपूर अपनी सुपरहिट फिल्म बॉबी को रिलीज करवाने के लिए खुद जालंधर आए थे। शहर के फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर वकील ¨सह ही राज कपूर की फिल्में रिलीज करवाया करते थे। एक रोचक किस्सा है। राज कपूर की फिल्म मेरा नाम जोकर फ्लॉप हो गई थी। जब जगत नाथ ढंड ने राज कपूर की फिल्में खरीदनी बंद कर दीं तो वकील ¨सह ने ही राज कपूर की फिल्में खरीदीं और रिलीज करवाई। सतपाल कत्याल और यश मित्तल भी फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन के जाने पहचाने नाम थे। यश मित्तल तो डिस्ट्रीब्यूशन बॉडी के महासचिव भी थे। 1947 में थे सिर्फ दो सिनेमाघर

अभिनय, फिल्म निर्माण और डिस्ट्रीब्यूशन के अलावा जालंधरिए फिल्में देखने के भी खासे शौकीन हैं। इस बात की गवाही कभी जालंधर में मौजूद रहे 13 थिएटर थे। देश के विभाजन के समय जालंधर में मात्र दो सिनेमाघर थे। कृष्णा और हरि पैलेस। उनके मालिक थे सीता राम कपूर और सोहन लाल पुरी। बाद में रॉयल टॉकीज बना। शहर के एक मुस्लिम परिवार ने लक्ष्मी और नाज थिएटर का निर्माण करवाया। इसके बाद शहर में सिनेमाघरों की संख्या 13 हो गई। लाल रतन, मिनी लाल रतन, ज्योति, सायन पायल, फ्रैंड्स, न¨रदर, सतलुज, ओडियन (चित्रा) और संत आदि। ज्योति सिनेमा में पहली फिल्म दिलीप कुमार और कामिनी कौशल अभिनीत फिल्म शहीद लगी थी तो सुरैया और शम्मी कपूर अभिनीत शमां परवाना लक्ष्मी थिएटर की पहली फिल्म थी। संत में फिल्म मजबूर लगी तो सायन पायल की शुरुआत ज्वेल थीफ से हुई थी। फिर सीटों के मुताबिक मनोरंजन टैक्स लगने लगा, टीवी आ गए और आज मल्टीप्लैक्स। अब जालंधर में थिएटरों की कुछ इमारतें ही शेष बची हैं।

जागरण फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएंगी 13 फिल्में

जालंधर में नौंवें जागरण फिल्म फेस्टिवल को लेकर तैयारियां चरम पर जारी हैं। फेस्टिवल का आगाज 24 अगस्त को केएल सहगल मेमोरियल हॉल में होगा। तीन दिन (24-25 एवं 26 अगस्त) तक चलने वाले इस फेस्टिवल में विभिन्न भाषाओं में कुल 13 फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। जागरण फिल्म फेस्टिवल में उन फिल्मों को शामिल किया गया है, जिनको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली और जिन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना के साथ-साथ अवार्ड मिले। फिल्म फेस्टिवल में केवल वयस्कों (18 वर्ष से ज्यादा) को ही एंट्री दी जाएगी। रजनीगंधा की तरफ से प्रायोजित इस फिल्म फेस्टिवल आयोजन में रेडियो सिटी भी भागीदार होगा।

दैनिक जागरण सिटी कार्यालय से लें फ्री एंट्री पास

जागरण फिल्म फेस्टिवल में फिल्में देखने के लिए एंट्री फ्री होगी। इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। शहरवासी फिल्में देखने के लिए फ्री एंट्री पास दैनिक जागरण कार्यालय, 39 पुडा कांप्लेक्स, सामने डीसी ऑफिस से बुधवार सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक प्राप्त कर सकते हैं। 9872900194, 8699928318 पर भी संपर्क किया जा सकता है। एंट्री पास पर फेस्टिवल में दिखाई जाने वाली फिल्मों का विवरण भी उपलब्ध है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.