जालंधर के LPU की एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की छात्रा हाल आफ फेम अवार्ड से सम्मानित
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग से दूसरे वर्ष की छात्रा रिद्धि मल्होत्रा को हाल आफ फेम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। प्रतियोगिता में 32 देशों के 2300 से अधिक विद्यार्थियों और भौतिकी के प्रति उत्साही लोगों ने भाग लिया था।
जासं, जालंधर। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग से दूसरे वर्ष की छात्रा रिद्धि मल्होत्रा को हाल आफ फेम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। जो दुनिया भर में प्रतिष्ठित भौतिकी और विज्ञान आधारित वेबसाइट फिसीकस द्वारा आयोजित वार्षिक अंतरर्राष्ट्रीय खगोल विज्ञान और भौतिकी प्रतियोगिता में मिला। इसमें छात्रा को प्रतियोगिता में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाली पहली महिला भी घोषित किया गया है। जिसमें 32 देशों के 2300 से अधिक विद्यार्थियों और भौतिकी के प्रति उत्साही लोगों ने भाग लिया था। एलपीयू के चांसलर अशोक मित्तल ने छात्रा को अपने जुनून का पीछा करना जारी रखने तथा और अधिक वैश्विक प्रशंसा अर्जित करते रहने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि सरल लोगों के लिए सरल भौतिकी टैगलाइन के तहत काम करते हुए वेबसाइट फिसीकस" का उद्देश्य फिजिक्स के सबसे जटिल विचारों की सरल व्याख्या करना है। यह स्पष्टीकरण को आगे बढ़ाता है और भौतिकी में रुचि को सुलझाने, सीखने और विकसित करने में लोगों को सीधे रूप से शामिल करता है। इस प्रकार प्रतियोगिता का उद्देश्य दुनिया की सामान्य आबादी के बीच भौतिकी-खगोल विज्ञान में ज्ञान और रुचि का परीक्षण और विकास करना ही है।
प्रतियोगिता में दो राउंड थे, जहां क्वालीफाइंग राउंड के पाठ्यक्रम में मैकेनिक्स, इलेक्ट्रिसिटी मैग्नेटिस्म, आप्टिक्स, एस्ट्रोनामी, स्पेस एक्सप्लोरेशन सहित सामान्य फिजिक्स शामिल थी। एडवांस्ड राउंड के लिए क्वांटम फिजिक्स, न्यूक्लियर फिजिक्स, स्पेशल रिलेटिविटी विषय भी शामिल किये गए थे। प्रतिभागियों को उनके अंतिम स्कोर के आधार पर स्थान दिया गया, जो दोनों राउंड के स्कोर का योग है। छात्रा रिद्धि ने 96 में से 90 अंक हासिल कर विजेताओं में शीर्ष स्थान हासिल किया, जो अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।