जालंधर में लक्की ठाकुर हत्याकांड में 24 घंटे में छह गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर पहले से 12 केस दर्ज
जालंधर के मधुबनपुरा में लक्की ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते हुई थी, जिसमें मुख्य आरोपी नरिंदर थापर का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।

लक्की ठाकुर हत्याकांड में छह लोग गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण आर्काइव)
HighLights
लक्की ठाकुर हत्याकांड में 24 घंटे के भीतर छह गिरफ्तार
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, बेटे के विवाद से जुड़ी
मुख्य आरोपी नरिंदर थापर पर पहले से 12 केस दर्ज
जागरण संवाददाता, जालंधर। मोहल्ला मधुबनपुरा में लक्की ठाकुर की हत्या के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक के 16 वर्षीय बेटे का आरोपियों के परिवार के बच्चों के साथ विवाद हुआ था।
इसी विवाद की रंजिश में लक्की ठाकुर पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना डिवीजन नंबर चार को मोहल्ला मधुबनपुरा में लड़ाई-झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि लक्की ठाकुर पर कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला किया है।
उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाईं।
बेटे के विवाद के बाद बढ़ी थी रंजिश
प्रारंभिक जांच और शिकायतकर्ता के बयानों के मुताबिक, मृतक के 16 वर्षीय बेटे का नरिंदर थापर के बेटों के साथ विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हमलावरों ने लक्की ठाकुर को निशाना बनाया।
शिकायतकर्ता ने नरिंदर थापर पर हमले के लिए उकसाने और वारदात के बाद आरोपियों को फरार होने में मदद करने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस इन आरोपों और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
नरिंदर थापर समेत छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में नरिंदर थापर पुत्र जोगिंदरपाल निवासी मोहल्ला मधुबनपुरा, दीपक राणा पुत्र जोगिंदरपाल निवासी मोहल्ला मधुबनपुरा, जशपाल बजाज पुत्र सतपाल निवासी ऊंचा सूरजगंज, राहुल पुत्र विक्रम निवासी 36 मधुबनपुरा, गुरदीप सिंह पुत्र ओमप्रकाश निवासी 23/3 न्यू सूरजगंज और गुड़िया पुत्री तरसेम लाल निवासी राजन नगर को गिरफ्तार किया है।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 12 मामले
पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में नरिंदर थापर का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से अलग-अलग मामलों में 12 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दीपक राणा के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या में उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर चार में एफआईआर नंबर 188, दिनांक 25 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(2), 332(ग), 191(3), 190, 351(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर, एडीसीपी-2 माधवी शर्मा और एसीपी सेंट्रल ओंकार सिंह बराड़ की निगरानी में थाना डिवीजन नंबर चार की टीम ने अन्य पुलिस टीमों के सहयोग से यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।