सिख संगठनों ने भी किया सांसद का विरोध
सांसद हंसराज हंस द्वारा शिरोमणि भगत कबीर महाराज की तुलना प्रधानमंत्री मोदी से करने पर विरोध जताया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : सांसद हंसराज हंस द्वारा शिरोमणि भगत कबीर महाराज की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ करने को लेकर कबीर पंथ भाईचारे के बाद सिख संगठनों ने भी रोष जताया है। बुधवार को आयोजित बैठक के दौरान सिखों की प्रमुख संस्था सिख तालमेल कमेटी ने सांसद से मामले को लेकर माफी मांगने की मांग की है। इसके साथ ही ऐसा न करने पर हंसराज हंस पर मामला दर्ज करवाने की चेतावनी दी है।
इस दौरान संस्था के प्रमुख तेजिंदर सिंह परदेसी, परमिंदर सिंह दशमेश नगर व हरप्रीत सिंह नीटू ने कहा कि सासंद ने ऐसा करके समूची मानवता की धार्मिक भावनाएं आहत की हैं, जिसे लेकर समूचे भाईचारे में भारी रोष है। महापुरुषों की तुलना किसी इंसान के साथ नहीं की जा सकती। कबीर महाराज ने समूची मानवता को जीवन जीने के दिशा की तरफ से अग्रसर किया था। सांसद ने ऐसा राजनीति से प्रेरित होकर किया है, जिसे लेकर सांसद को तुरंत माफी मांगनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया तो कमेटी की तरफ से उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ जतिदरपाल सिंह मझैल, बलदेव सिंह गत्तका मास्टर, गुरजीत सिंह सतनामियां, हरप्रीत सिंह रोबिन, हरप्रीत सिंह सोनू, हरपाल सिहं पाली, बाबा हरजीत सिंह, सर्बजीत सिंह खालसा, प्रभजोत सिंह खोलसा, जतिदंरपाल सिंह कोबली, भूपिंदर सिंह बड़िग, लखबीर सिंह लक्की, गुरदीप सिंह व मनमिदंर सिंह भाटिया मौजूद थे।
भगवान वाल्मीकि आश्रम में बोर्ड भंग करने की मांग को लेकर फूंका पुतला
जागरण संवाददाता, जालंधर : भगवान वाल्मीकि आश्रम धूना साहिब ट्रस्ट, अमृतसर में साइन बोर्ड बनाने का विरोध किया है। बुधवार को श्री राम चौक पर पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन के प्रधान चंदन ग्रेवाल के साथ समूह भगवान वाल्मीकि भाइचारे के सदस्यों ने पंजाब सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने अदालत में लंबी लड़ाई के बाद केस जीतकर यहां विकास कार्य व सुंदरीकरण करना शुरू किया है। पंजाब सरकार इस पर अपनी मनमर्जी चलानी चाहती है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने राज्य भर विधायकों के घेराव के अलावा रोष प्रदर्शन करने की घोषणा की। इस मौके पर संत समाज के सदस्य भी शामिल हुए।