यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
श्री दरबार साहिब के बाद अब कपूरथला में बेअदबी का प्रयास, दिल्ली के युवक की जमकर पिटाई, स्थिति तनावपूर्ण
संगत यह युवक निशान साहिब के ऊपर चढ़ कर कपड़ा खोल रहा था फिर लाइट बंद होने की वजह से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, कपूरथला। अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब (श्री दरबार साहिब, स्वर्ण मंदिर) में बेअदबी की घटना को अभी एक दिन भी नहीं गुजरा कि गांव निजामपुर में एक युवक ने गुरुद्वारा साहिब में लगे निशान साहिब की बेअदबी करने का प्रयास किया। दावा है कि गांव की संगत ने उसे समय रहते पकड़ लिया। युवक ने सिर्फ इतना बताया है कि वह दिल्ली का निवासी है। इसके अलावा वह ओर कुछ भी बताने के तैयार नहीं है। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण है क्योंकि संगत बेअदबी के मामले में खुद फैसला करना चाहती है। पुलिस को आरोपित युवक तक नहीं पहुंचने दिया गया है। आक्रोशित ने एक पुलिस कर्मी पर कृपाण से हमला किया है। वहीं, पुलिस को हवाई फायर करना पड़ा है।
थाना सुभानपुर तहत पडते गांव निजामपुर में रविवार तड़के 4 बजे की घटना बताई जा रही है। गांव के लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल की है, जिसमें सिख जत्थेबंदियों को गांव निजामपुर में पहुंचने की अपील की गई है। लोगों का कहना है कि इस युवक को प्रशासन को नहीं दिया जाएगा क्योकि अभी तक बेअदबी करने वाले किसी को कोई सजा नहीं मिली। यह युवक निशान साहिब के ऊपर चढ़ कर कपड़ा खोल रहा था। लाइट बंद होने की वजह से नीचे उतरा। सुबह गुरुद्वारा साहिब में नितनेम के लिए आई संगत ने मौके पर उसे काबू कर लिया।
शनिवार को श्री दरबार साहिब में बेअदबी की बड़ी घटना के बाद अगले ही दिन इस दूसरी घटना के कारण संगत में भारी रोष पाया जा रहा है। हिंदी बोलने वाला यह युवक कहता है कि उसकी बहन भी बेअदबी करने के लिए आई हुई है लेकिन वह न तो अपना और न ही अपनी बहन का नाम बता रहा है।
निजामपुर के गुरुद्वारा साहिब में गुुरु ग्रंथ साहिब के पांच स्वरुप है लेकिन यह शख्स उधर नहीं पहुंच पाया। गांव की संगत ने सिख कौम को अपील की है कि अपने अपने गांवों के गुरु घरों में पहरा लगाएं। चुनाव दौरान ऐसी और भी घटनाएओं हो सकती है। लोगों ने कहा कि हमने कानून को कभी अपने हाथ में नहीं लेना लेकिन बेअदबी करने वालो को भी बख्शा नहीं जाएगा।
