सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी मुहिम चलाएगी शिवसेना पंजाब
नशे की बिक्री अपराध का बढ़ता ग्राफ तथा महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, जालंधर : शिवसेना पंजाब अब हिदुत्व के लिए लड़ाई लड़ने के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी अभियान चलाएगी। इसके तहत राज्य में नशे की बिक्री, अपराध का बढ़ता ग्राफ तथा महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा। यह फैसला वीरवार को पार्टी की राज्य स्तरीय बैठक में लिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रभारी विनय जालंधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजीव घनौली व चेयरमैन राजीव टंडन सहित वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि राज्य में खालिस्तान समर्थक व गैंगस्टरो की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, जो हिदुत्व के लिए बड़ा खतरा है। इसके लिए समूचे हिंदू समाज को एकजुट होना होगा। साथ ही पंजाब की पवित्र धरती को नशे के बढ़ते चलन, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार व भ्रष्टाचार के चलते कलंकित किया जा रहा है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके लिए राज्य भर में पार्टी की सभी इकाइयों को नशे के खिलाफ मुहिम चलाने को कहा गया है।
इस अवसर पर उनके साथ रोहित गुप्ता, यशपाल ठाकुर, रमेश कुमार, राकेश पलटा, रणजीत, रोहन शर्मा, प्रदीप कुमार, महिंदरपाल व दीपक कंबोज आदि मौजूद थे।