सनातन शक्ति व संत परंपरा को विश्व में मिल रहा सम्मान : कुमार स्वामी
डीएवी कॉलेज रोड से होते हुए बर्ल्टन पार्क की तरफ भक्तों की भीड़ पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रही थी।
जागरण संवाददाता, जालंधर : डीएवी कॉलेज रोड से होते हुए बर्ल्टन पार्क की तरफ भक्तों की भीड़ पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रही थी। श्रद्धालु सुमिरन करते हुए बर्ल्टन पार्क पहुंचे तो यहां का नजारा ही बदल गया। जहां भी नजर घुमाएं केवल श्रद्धालुओं की भीड़ ही भीड़ थी। मौका था दिव्य बीज मंत्र वार्षिकोत्सव व 579वें प्रभु कृपा अद्भुत दुख निवारण महासमागम का। पूरे बर्ल्टन पार्क में आस्था की तस्वीर दिख रही थी। कहीं हवन में आहुतियां डाली जा रहीं थी तो कहीं नमो नारायण का जाप हो रहा था।
भक्तों को इंतजार था केवल परम पूज्य ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी महाराज का। इससे पूर्व भजनों का दौर चलता रहा। इस दौरान बिना किसी दवा तथा कर्मकांड के चंद मिनटों में रोगों का नाश करने के बारे में बताया गया। बताया जाता है कि भगवान शिव ने स्वयं इस दुर्लभ योग के बारे में मां पार्वती को बताया था। इस मौके पर बीज मंत्र तथा पाठ से असाध्य रोगों से मुक्ति पा चुके लोगों ने मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किए। जिसमें देश भर के नामी डॉक्टरों से इलाज करवाने के बाद भी स्वस्थ्य ना हो सके सुमित कुमार ने कहा कि मात्र पांच मिनट में पाठ व बीज मंत्र से ही इससे मुक्ति हासिल कर ली है। वहीं, अन्य साधकों ने मंच पर आकर पाठ के अनुभव के बारे में बताया। सनातन शक्ति व संत परंपरा का विश्व भर में हो रहा सम्मान
महर्षि कुमार स्वामी महाराज ने कहा कि भारतीय सनातन शक्ति व संत परंपरा को विश्व भर में सम्मान मिल रहा है। पाश्चात्य संस्कृति वाले देश भी भारतीय संस्कृति को अपना रहे हैं। भारतीय संतों के नाम पर दिवस मनाए जा रहे हैं। अमेरिका जैसे देश में लोग ही नहीं सांसद से लेकर अधिकारी व न्यायाधीश भी इसे अपना रहे हैं। इससे भारतीय संस्कृति व परंपराओं की शक्ति का अंदाजा लगाया जा सकता है। धर्म व धर्म ग्रंथों में अपार शक्तियां मौजूद हैं। जिसके माध्यम से कष्ट दूर किए जाते हैं। रात भर चला पाठ का दौर
बर्ल्टन पार्क में दिन ढलने के बाद भी उजाला बरकरार था। कारण, रंग बिरंगी लाइटों से नहाया पूरा बर्ल्टन पार्क भक्तों की भीड़ से रात भर रोशन रहा। देर रात तक भक्त बर्ल्टन पार्क में परिवार सहित बैठकर पाठ करते रहे।