Road Accident in Jalandhar : जालंधर के 66 फुटी रोड पर दो कारों की भीषण टक्कर, 3 लोग गंभीर रूप से घायल
जालंधर के 66 फुटी रोड पर दो कारों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी को दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
जालंधर, जेएनएन। शहर की जमशेर चौकी के तहत आते 66 फुटी रोड पर दो कारों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी को दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। कारों की स्पीड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी चपेट में आने से सड़क किनारे लगे दो पेड़ भी गिर गए।
दोपहर करीब 3 बजे हुई भीषण टक्कर में जहां एक कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं दूसरी कार अनियंत्रित होकर पेड़ों से टकरा गई। इससे सड़क किनारे लगे तीन पेड़ भी उखड़ गए। घटना में 3 कार सवार बुरी तरीके से घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची जमशेर चौकी की पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, इस मामले में दोनों ही पक्षों में से किसी ने भी पुलिस को कोई भी शिकायत नहीं दी है। मामले को लेकर जमशेर चौकी इंचार्ज का कहना है कि घायल की हालत स्थिर होने पर उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद से सड़क के दोनों तरफ काफी लंबा जाम लग गया, जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सड़क के किनारे हटाकर खाली कराया।