यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 20, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंजाब में 8वीं बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर टीचर्स व स्टूडेंट्स में असमंजस, नहीं मिला कोई लिखित आदेश
PSEB से आठवीं बोर्ड की परीक्षा 22 मार्च से ली जाएंगी और पांचवीं बोर्ड की परीक्षाएं 16 मार्च से चल ...और पढ़ें

जालंधर, [अंकित शर्मा]। राज्य सरकार और शिक्षा विभाग की तरफ से स्कूलों को बंद करने के आदेश दे दिए हैं, मगर आठवीं बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर कोई भी बात स्पष्ट नहीं की गई है। पीएसईबी से आठवीं बोर्ड की परीक्षा 22 मार्च से ली जाएंगी और पांचवीं बोर्ड की परीक्षाएं 16 मार्च से चल रही हैं, जो 23 मार्च तक चलनी हैं। ऐसे में परीक्षाओं को लेकर शिक्षक ही नहीं अभिभावक और विद्यार्थियों में अमंझस की स्थिति बनी हुई है।
शिक्षा विभाग की तरफ से पहले ही दसवीं और 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित करके एक-एक महीने के लिए आगे बढ़ा दिया है, मगर पांचवीं और आठवीं के लिए कोई आदेश नहीं दिया गया था। जिस वजह से पांचवीं की परीक्षाएं तो शुरू हो गई थी। अब एक बार फिर से स्कूलों को बंद करने के आदेश से असमंझस की स्थिति बढ़ गई है, जिस वजह से शिक्षकों को निरंतर अभिभावकों के फोन काल आ रहे हैं कि स्कूल बंद हैं तो परीक्षाएं कैसें। जिसका जवाब उच्च अधिकारियों की तरफ से न दिए जाने की वजह से स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षक भी अभिभावकों को नहीं दे पा रहे हैं।
'आठवीं बोर्ड की परीक्षाएं 22 को होंगी या नहीं, अभी तक स्पष्ट नहीं'
स्कूल प्रिंसिपल अनुराधा का कहना है कि शिक्षा विभाग की तरफ से पांचवीं बोर्ड की परीक्षाएं ली जा रही हैं और क्या आगे भी ली जानी है या नहीं। आठवीं बोर्ड की परीक्षाएं 22 से शुरू होनी है क्या वो ली जाएगी। अगर ली जाएंगी तो क्या रहेगी व्यवस्था। इसके लिए स्पष्ट जानकारी जल्द जारी करनी चाहिए। ताकि हर प्रकार की असमंझस को दूर किया जा सके।
'अभिभावकों के आ रहे फोन काल'
प्रिंसिपल नीलम सलवान ने कहा आठवीं कक्षा के अभिभावकों के बीते दिन से ही फोन काल आ रहे हैं कि उनकी परीक्षाएं होंगी के नहीं। सरकार ने तो आदेश दे दिया है कि स्कूल बंद हैं तो परीक्षाएं कैसें होंगी। उन्हें स्पष्ट जानकारी न होने के लिए वे अभी तक अभिभावकों को इस संबंध में कोई संतोष जनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। विभाग से यही अपील है कि परिस्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द स्पष्ट आदेश जारी करें।
