पंजाबी कामेडियन गुरप्रीत घुग्गी का किसानों के हाईवे जाम को समर्थन, बोले- अन्नदाता की तकलीफ सुने सरकार
गुरप्रीत सिंह घुग्गी ने कहा कि अगर किसान को देश का अन्नदाता कहा जाता है तो उनकी तकलीफ सुनना भी पहला फर्ज बनता है। घुग्गी ने कहा है कि किसानों की हाईवे जाम करने की घोषणा सांकेतिक है और वे इसका पूरा समर्थन करते हैं।
जालंधर, जेएनएन। विख्यात पंजाबी हास्य कलाकार एवं अभिनेता गुरप्रीत सिंह घुग्गी ने किसानों की तरफ से 6 फरवरी को देशभर के हाईवे जाम करने की घोषणा का समर्थन किया है। घुग्गी ने कहा है कि किसानों की हाईवे जाम करने की घोषणा सांकेतिक है क्योंकि किसानों ने इसका टाइम दोपहर 12 से लेकर तीन बजे तक रखा है। 12 बजे से लेकर तीन बजे तक लोगों की सड़कों पर मूवमेंट बेहद कम होती है। लोग सुबह कार्यालय पहुंच चुके होते हैं और दुकानें खुल चुकी होती हैं। किसानों की तरफ से बाद दोपहर तीन बजे हाईवे खोल दिए जाएंगे और लोग आराम से अपने घरों को वापस लौट भी सकेंगे।
गुरप्रीत सिंह घुग्गी ने कहा कि अगर किसान को देश का अन्नदाता कहा जाता है तो उनकी तकलीफ सुनना भी पहला फर्ज बनता है। उन्होंने कहा कि वह देश के अन्नदाता के साथ हैं और किसानों की मांगों का पूरा समर्थन भी करते हैं।
आम आदमी पार्टी के पंजाब कन्वीनर रह चुके हैं घुग्गी
बता दें कि कामेडियन गुरप्रीत सिंह घुग्गी राजनीति में भी सक्रिय रह चुके हैं। वर्ष 2014 में आम आदमी पार्टी के साथ अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। इसके बाद 4 सितंबर 2016 से लेकर 10 मई 2017 तक पार्टी पंजाब कन्वीनर भी रहे। हालांकि इसके बाद उनके स्थान पर मौजूदा स्टेट कन्वीनर और संगरूर के सांसद भगवंत मान की नियुक्ति कर दी गई। इसके बाद गुरप्रीत ने पार्टी छोड़ दी थी। अब देखना यह है कि क्या किसानों को समर्थन देकर गुरप्रीत घुग्गी कहीं दोबार राजनीति में एंट्री के प्रयास में तो नहीं हैं।