विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर के गुरु नगर फायरिंग केस में पुलिस को बड़ी सफलता, तीन आरोपित गिरफ्तार; जेल में हुए झगड़े से शुरू हुई थी रंजिश

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:20 PM (IST)

जालंधर के गुरु नगर में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में ...और पढ़ें

जालंधर के गुरु नगर फायरिंग केस में पुलिस को बड़ी सफलता। फोटो जागरण

जालंधर के गुरु नगर फायरिंग केस में पुलिस को बड़ी सफलता। फोटो जागरण

HighLights

  1. जालंधर गुरु नगर फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए।

  2. जेल में हुई पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

  3. पुलिस ने आरोपियों से दो पिस्टल और एक देसी कट्टा बरामद किया।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के गुरु नगर में घर पर हुई फायरिंग के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी, जिसकी शुरुआत जेल में हुए झगड़े से हुई थी। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों पक्षों के बीच फोन पर विवाद बढ़ा और एक-दूसरे के परिवारों को जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं।

इसी रंजिश के चलते आरोपितों ने साथियों के साथ मिलकर साहिल के घर पर गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए हैं।

डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई थी। जांच के दौरान शिकायतकर्ता साहिल की ओर से बताई गई शुरुआती कहानी में कुछ तथ्य संदिग्ध पाए गए। इसके बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की तो वारदात के पीछे पुरानी दुश्मनी और जेल में हुए विवाद की बात सामने आई।

जेल में हुए विवाद के बाद रंजिश शुरू

पुलिस के मुताबिक, साहिल का जेल में हत्या के एक मामले में बंद व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। इसके अलावा डिवीजन नंबर सात के इलाके में रहने वाले एक अन्य युवक के साथ भी उसकी पुरानी रंजिश थी। संबंधित युवक फिलहाल विदेश में बताया जा रहा है। जेल में हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच फोन पर कहासुनी और एक-दूसरे को चुनौती देने का सिलसिला शुरू हो गया।

बात इतनी बढ़ गई कि परिवारों को भी जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं। जांच में सामने आया कि गढ़ा क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर साहिल के घर पर फायरिंग की योजना बनाई थी। इसके बाद आरोपितों ने घर को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं। पुलिस ने इस मामले में बाबा बकाला निवासी जश्न उर्फ जश्नदीप, जगजीत सिंह और अमरिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है।

हथियार बरामद

पुलिस के अनुसार, जश्नदीप ने ही मौके पर फायरिंग की थी। उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस और स्नैचिंग सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपितों से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और .35 बोर का एक कारतूस बरामद किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान फायरिंग में शामिल अन्य लोगों, हथियारों की सप्लाई और वारदात की पूरी साजिश के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।