कांस्टेबल के ठग बेटे को गिरफ्तारी करने से बच रही पुलिस! Jalandhar News
आरोपितों ने आदमपुर निवासी इंदरजीत सिंह (27) को स्पेन भेजने के बजाय अल्जीरिया भेज दिया था। वहां वह कई दिनों भूखा-प्यासा जंगलों में भटकता रहा।
जालंधर, जेएनएन। विदेश भेजने के नाम पर छह लाख 41 हजार की ठगी के मामले में नामजद हुए महिला पुलिस कांस्टेबल के आरोपित बेटे को पांच दिन बाद भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस का तर्क है कि आरोपित फरार चल रहा है जबकि हकीकत यह है कि वह अपने घर में है।
थाना नई बारादरी पुलिस ने पुलिस ने कांस्टेबल के सुच्ची पिंड निवासी बेटे कोमलदीप सिंह, अमृतसर निवासी मिक्की उर्फ मोहित और जालंधर निवासी बोबी के खिलाफ मंगलवार दोपहर को 6.41 लाख की ठगी करने के आरोप में केस दर्ज किया था। आरोपितों ने स्पेन भेजने की बात कह आदमपुर निवासी इंदरजीत सिंह (27) पुत्र चरनजीत सिंह को अल्जीरिया भेजा था। अल्जीरिया से मोरक्को जाने के लिए इंदरजीत को सैकड़ों किलोमीटर के जंगल में छोड़ दिया गया था। वह 15 दिन तक जंगलों में फंसा रहा, जहां खाने-पीने के लिए उसे कुछ न मिला पाया तो जिंदा रहने के लिए उसे अपना मूत्र तक पीना पड़ा था।
वहीं, केस दर्ज होने के दो दिन तक आरोपित कोमलदीप सिंह को भी नहीं पता था, उसके खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। तीसरे दिन उसे उक्त केस के बारे में पता चला लेकिन पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद आरोपित को काबू नहीं किया और अब फरार बता रही है। कोमलदीप का मोबाइल नंबर भी केस दर्ज होने के पांच दिन बाद तक चल रहा है। वह पूरी तरह से अपने वॉट्सएप पर भी सक्रिय है। इसके बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर रही।
ट्रैवल एजेंट कपिल शर्मा को भी नहीं गिरफ्तार कर पाई पुलिस
इससे पहले 31 मामलों में नामजद हो चुके स्ट्डी एक्सप्रेस के मालिक ट्रैवल एजेंट कपिल शर्मा को भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जिस दिन पहला केस दर्ज हुआ तो पुलिस ने उसे काबू नहीं किया और वह पुलिस को चकमा देकर शहर छोड़ कर भाग निकला। इधर, थाना नई बारादरी के एसएचओ सुलखन सिंह ने कहा कि पुलिस आरोपितों के घरों में छापेमारी कर रही है, लेकिन वह फरार हैं। हम उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लेंगे।