जालंधर में नशा तस्कर के अस्पताल पर चला पीला पंजा, मेडिकल लाइसेंस भी रद; अब बनेगी सरकारी इमारत
जालंधर पुलिस और नगर निगम ने नशा तस्कर अमनदीप सिंह की अवैध कमाई से बन रहे चैरिटेबल अस्पताल के कुछ हिस्सों को गिरा दिया।
-1794653097752_m.webp)
जालंधर में नशा तस्कर अमनदीप सिंह के अवैध अस्पताल पर चला पीला पंजा।
HighLights
नशा तस्कर अमनदीप सिंह के अवैध अस्पताल पर कार्रवाई
पुलिस और नगर निगम ने इमारत के हिस्से गिराए
अमनदीप सिंह के मेडिकल लाइसेंस भी रद किए गए
जागरण संवाददाता, जालंधर। नशा तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से बनाई जा रही संपत्तियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को कपूरथला रोड स्थित बस्ती बावा खेल में नशा तस्करी के आरोपित अमनदीप सिंह के निर्माणाधीन चैरिटेबल अस्पताल पर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने पीला पंजा चलाया।
टीम ने इमारत के कुछ हिस्सों को गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि संबंधित इमारत अमनदीप सिंह की है। उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें दो मामले एनडीपीएस एक्ट और एक आर्म्स एक्ट के तहत है। करीब दो सप्ताह पहले पुलिस ने अमनदीप सिंह की दुकान पर छापेमारी की थी। इस दौरान एक लाख से अधिक नशीली गोलियां बरामद हुई थीं।
जांच में सामने आया कि आरोपी नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त था और इसी कमाई से अस्पताल की इमारत तैयार करवाई जा रही थी। सीपी ने बताया कि जून में थाना डिवीजन नंबर-1 के क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई झड़प में भी अमनदीप सिंह का नाम सामने आया था।
फिलहाल वह जेल में बंद है। नगर निगम की ओर से इमारत के संबंध में उसे पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई की गई।
पूरी इमारत पर होगी कार्रवाई, मेडिकल लाइसेंस भी रद
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल इमारत के कुछ हिस्से को गिराया गया है। चरणबद्ध तरीके से पूरी इमारत पर कार्रवाई की जाएगी और जल्द इसे सील भी किया जाएगा।
अमनदीप सिंह और उसके पिता के मेडिकल लाइसेंस भी रद कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित संपत्ति को फ्रीज करने के बाद यहां सरकारी इमारत बनाने की योजना है। नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।