इंदिरा कॉलोनी में सीवरेज जाम, गंदे पानी की सप्लाई से परेशान लोगों ने जोन दफ्तर घेरा
पार्षद पति गुरप्रीत ने कहा कि करीब दो महीनों से इंदिरा कॉलोनी में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। सीवरेज ब्लॉक होने से गलियों में गंदा पानी जमा है और घरों में घुस रहा है।
जालंधर, जेएनएन। वार्ड नंबर एक की इंदिरा कॉलोनी के लोगों ने सीवरेज जाम और गंदे पानी की सप्लाई के विरोध में वीरवार को नगर निगम के दादा कॉलोनी जोन ऑफिस के सामने धरना दिया। उन्होंने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व वार्ड नंबर1 की पार्षद डॉ. तनमरीत कौर के पति गुरप्रीत सिंह रंधावा कर रहे थे। उनके साथ वार्ड नंबर दो के पार्षद सुशील शर्मा भी थे। बात दें कि इलाके में कई जगह सीवरेज जाम की समस्या है।
गुरप्रीत ने कहा कि करीब दो महीनों से इंदिरा कॉलोनी में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। सीवरेज ब्लॉक होने से गलियों में गंदा पानी जमा है और घरों में घुस रहा है। लोग बीमार हो रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि मेयर जगदीश राजा और नगर निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा को इसकी पूरी जानकारी है। फिर भी, सीवरेज सिस्टम ठीक करने और गंदे पानी की सप्लाई का फाल्ट ढूंढने के लिए कोई उपाय नहीं किया गया है। धरने में भूपिंदर पाल, संतोष बालणी, फिरोज, प्रकाश, रमेश बग्गा, सुक्खो देवी, लक्खो देवी अन्य शामिल थे।
इंदिरा कॉलोनी में सीवरेज जाम और खराब जल आपूर्ति व्यवस्था के विरोध में नारेबाजी करते हुए वार्ड निवासी।
निगम को रविवार तक का अल्टीमेटम
रंधावा और सुशील शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर रविवार तक गंदे पानी की सप्लाई और सीवरेज समस्या का हल न निकला तो दोनों वार्ड के लोग नगर निगम ऑफिस के सामने धरना देंगे। इंदिरा कॉलोनी में सीवरेज जाम की समस्या इसलिए भी है क्योंकि लोगों ने सीवरेज लाइन में कबाड़ फेंका हुआ है। कुछ दिन पहले सीवरेज की सफाई में बोरियां, बोतलें, प्लास्टिक और लोहे का सामान निकला था।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें