सऊदी अरब में फंसे लोगों का मामला लोकसभा में उठाऊंगा: श्वेत मलिक
प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर की सऊदी अरब में बिना वीजा के फंसे लगभग तीन हजार भारतीयों को सकुशल भारत लाने की आवाज विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तक पहुंच गई है।
जेएनएन, जालंधर। प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर की सऊदी अरब में बिना वीजा के फंसे लगभग तीन हजार भारतीयों को सकुशल भारत लाने की आवाज विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तक पहुंच गई है। सऊदी अरब में फंसे पंजाबियों के परिवार पंजाब भाजपा के महामंत्री राकेश राठौर के नेतृत्व में राज्यसभा सांसद व भाजपा के प्रदेश प्रधान श्वेत मलिक से उनके निवास स्थान पर मिले। इस मौके पर प्रदेश प्रधान श्वेत मलिक ने कहा कि वे सऊदी अरब में फंसे पंजाबियों की मांग लोकसभा में उठाएंगे।
इस दौरान राज्यसभा सांसद व पंजाब भाजपा प्रभारी प्रभात झा, पंजाब भाजपा के संगठन मंत्री दिनेश कुमार, महामंत्री प्रवीन बांसल, महामंत्री दयाल सिंह सोढ़ी, उप-प्रधान जीवन गुप्ता व पंजाब युवा भाजपा के मीडिया इंचार्ज अशोक सरीन हिक्की भी उपस्थित थे। इस दौरान भाजपाइयों ने आश्वासन दिया कि सभी को सकुशल भारत लाने की जिम्मेवारी उनकी है, जिसे बखूबी निभाएंगे। मौके पर धर्मवीर (गोराया), जसपाल दुग्गल(ढिलवां), गुरजीत सिंह व हरमेश सिंह (होशियारपुर), कुलदीप गिल (सिकंदरपुर), गुरप्रीत सिंह (अमृतसर), सुरिंदर सिंह (जालंधर) उपस्थित थे।
इस दौरान राकेश राठौर ने बताया कि बीते शनिवार को उनके ध्यान मे यह मामला आया था जिसके बाद उन्होंने इस विषय को सांसद व प्रदेश प्रधान श्वेत मलिक के संज्ञान में मामला लाया था। इसके बाद पिछले छह महीनों से फंसे पंजाबियों के पास सऊदी अरब मे इंडियन एम्बेसी के अधिकारी पहुंच गए थे और उसी दिन से फंसे भारत वासियों को दवाई, साबुन व जरूरतमंद वस्तु उपलब्ध करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने सऊदी अरब में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं और हरसंभव सहायता की जा रही है।