बड़ी लापरवाहीः नगर निगम में नहीं शुरू हो सकी थर्मल स्क्रीनिंग, बेरोकटोक एंट्री कर रहे लोग
मेयर जगदीश राजा ने निगम ऑफिस का सिर्फ एक एंट्री गेट खोलने और वहां स्टाफ बिठाने की बात कही थी। उनका यह दावा पूरी तरह खोखला निकला है।
जालंधर, जेएनएन। जालंधर में कोरोना वायरस संक्रमण का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है एक दिन पहले रिकार्ड 75 केस जिले में सामने आ रहे हैं। बावजूद इसके आम लोगों के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर लगातार लापरवाही बरती जा रही है। नगर निगम ने भी कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए सख्ती के आर्डर दे दिए लेकिन इसके बावजूद भी इस पर अमल नहीं हो रहा है। नगर निगम प्रशासकीय कंपलेक्स की एक एंट्री बंद कर दी गई है लेकिन पीएनबी चौक से मेन गेट और शास्त्री मार्केट तरफ से एंट्री से लोग बेरोकटोक कांप्लेक्स में प्रवेश कर रहे हैं। यहां उनकी थर्मल स्क्रीनिंग और हाथों को सैनिटाइज करने का भी कोई इंतजाम नहीं किया गया है।
खोखले निकले नियमों का पालन करवाने के दावे
मेयर जगदीश राजा और नगर निगम के अधिकारियों ने तय किया था कि निगम में सिर्फ एक एंट्री गेट ही ओपन रखा जाएगी, बाकी बंद कर दिए जाएंगे। एक मात्र एंट्री पॉइंट पर स्टाफ सदस्य बैठेंगे और सिर्फ उन्हीं लोगों की जांच के बाद एंट्री होगी जिनके काम से संबंधित डिपार्टमेंट खुले हुए हैं या जिन्हें उनसे संबंधित काम है। वावजूद इसके मंगलवार को नगर निगम एडमिनिस्ट्रेटिव परिसर में लापरवाही का नजारा देखने को मिला है। कहीं भी थर्मल स्क्रीनिंग नहीं की जा रही थी। ना ही लोगों से ही कोई पूछताछ हो रही थी कि वे क्यों और क्या काम करवाने आए हैं। लोग अपनी मर्जी से जहां मन चाहे जा रहे थे। शारीरिक दूरी को भी पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है।
मेयर राजा के ऑर्डर दरकिनार
बता दें कि मेयर जगदीश राज राजा ने सोमवार को निर्देश दिए थे कि नगर निगम में आधा स्टाफ काम करेगा और शाखाएं खुलने का समय सुबह 9:00 बजे दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। कौन सी ब्रांच किस दिन खुलेगी, यह भी तय किया गया है। बावजूद इसके, नगर निगम में सरकार की गाइडलाइंस का पालन नहीं किया जा रहा है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें