जालंधर के अमृत विहार में बाइक लूटने वाले को लोगों ने पकड़ा, पुलिस ने थाने ले जाने के बजाए छोड़ा
जालंधर में फैक्ट्री कर्मी का बाइक लुटेरे ने लूट लिया। पीड़ित ने लोगों की मदद से उसे काबू कर पुलिस के हवाले किया। वहीं पुलिस पर आरोप लगा है कि पुलिस ने आरोपित को थाने ले जाने की बजाए उसे छोड़ दिया है। लोगों ने इसकी वीडियो भी बनाई है।
संवाद सहयोगी, जालंधर : अमृत विहार में फैक्ट्री कर्मी की बाइक चाकू की नोक पर लूटकर ले जाते लुटेरे को बाइक मालिक ने लोगों की मदद से काबू किया। लोगों ने मौके पर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया जिसके बाद एक एएसआइ आया और लुटेरे को साथ ले गया। लोगों ने घटना की सारी वीडियो बना ली। बाइक मालिक परमात्मा कुमार और अमृत विहार वेलफेयर सोसायटी के प्रधान राजिंदर बसरा ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपित को साथ ले तो गई लेकिन वो थाने नहीं पहुंचा। आरोप था कि उसे ले जाने वाले एएसआइ ने कहा कि आरोपित को चोटें लगी थीं इसलिए वह उसे घर छोड़ आए और कल ले आएंगे। वहीं थाना डिवीजन नंबर एक के प्रभारी गुरमीत सिंह का कहना था कि उनको इस मामले की जानकारी ही नहीं है और वह मामले की जांच करवाएंगे।
अमृत विहार वेलफेयर सोसायटी के प्रधान राजिंदर बसरा ने बताया कि उनकी कालोनी में परमात्मा कुमार रहता है। रविवार को वह किसी काम से दोपहर करीब 12 बजे निकला। इसी बीच वहां पर दो युवक आए और उसे चाकू दिखा कर बाइक छीनने लगे। परमात्मा कुमार उनसे भिड़ गया और शोर मचा दिया। कालोनी के अन्य लोगों के साथ मिलकर लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दोनों भाग निकले। एक आरोपित खेतों की तरफ निकला और दूसरा सड़क की ओर भाग गया। खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने शोर सुना तो उन्होंने एक आरोपित को काबू कर लिया। खेतों में भागा लुटेरा दो बार गिरा, जिससे उसे चोटें भी आईं।
राजिंदर बसरा ने बताया कि उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया जिसके बाद एक एएसआइ मौके पर पहुंचे और आरोपित को साथ ले गए। बाद में थाने में पता किया तो आरापित वहां पर नहीं पहुंचा था। बाद में पता चला कि पुलिस कर्मियों ने उसे इसलिए छोड़ दिया कि उसे चोटें लगी थीं। थाना एक के प्रभारी गुरमीत सिंह ने कहा उनके थाने में कोई चोर नहीं आया और यदि कोई वीडियो है तो वो इसकी जांच करवाएंगे।
बाइक छोड़ गए लुटेरे, लेकिन बाइक मालिक का पर्स ले गए
बाइक के मालिक परमात्मा कुमार ने बताया कि जब लुटेरों ने उसकी बाइक छीनने का प्रयास किया तो उनके साथ हाथापाई हुई। एक आरोपित ने उसे चाकू मारने का प्रयास किया, लेकिन वो बच गया। लोग इकट्ठा हुए तो दोनों आरोपित मोटरसाइकिल छोड़ कर फरार हो गए। एक को पीछा कर काबू किया। परमात्मा कुमार ने बताया कि आराोपित को पकड़ने के बाद पता चला कि उसका पर्स गायब हो गया है, जिसमें पांच हजार रुपये थे। उसने बताया कि पकड़े गए आरोपित की तलाशी ली, लेकिन उसके पास पर्स नहीं मिला। पकड़े गए आरोपित के फरार साथी ने उससे हाथापाई की थी और वही उसका पर्स निकाल कर ले गया।