विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पठानकोट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विभूति शर्मा का इस्तीफा, बोले- विधायक विज काम नहीं करने देते

By Pankaj DwivediEdited By:
Published: Tue, 12 Oct 2021 04:43 PM (IST)Updated: Tue, 12 Oct 2021 07:09 PM (IST)

पठानकोट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन विभूति शर्मा ने अपने पद से त्याग पत्र ...और पढ़ें

पठानकोट नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन विभूति शर्मा ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है।
पठानकोट नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन विभूति शर्मा ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया है।

जासं, पठानकोट। पंजाब कांग्रेस में मची उठापटक थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को पठानकोट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन विभूति शर्मा ने अपने पद से त्याग पत्र दे दिया और पार्टी को अलविदा कह डाला। एक पत्रकार वार्ता के दौरान विभूति शर्मा ने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। शर्मा व उनका परिवार पिछले 40 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। वह लगातार पांच बार पार्षद बने जबकि, उनकी पत्नी भी दो बार पार्टी की टिकट पर लड़ी और चुनाव जीती। वर्तमान में पार्षद विभूति शर्मा नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन और उनकी पत्नी कोमल शर्मा पार्षद हैं।

विभूति शर्मा ने कहा कि विधायक अमित विज उन्हें काम नहीं करने दे रहे। वह जो भी कार्य करते हैं, उसमें वह अड़ंगा डाल देते हैं। वह नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन हैं पर सारे काम उनके कहने पर ही होते हैं। नगर सुधार ट्रस्ट में पिछले दो वर्षों से स्टाफ नहीं है। वह कई बार निकाय मंत्री से मिले, दुखड़ा सुनाया पर उनका भी एक ही जबाव था आप विधायक से कहलवाओ तो स्टाफ भेज दिया जाएगा। पार्टी स्तर पर भी उनकी अनदेखी हुई है। वह पिछले लंबे समय से पार्टी की सेवा कर रहे हैं। लिहाजा, पार्टी छोड़ते वक्त उन्हें दुख हो रहा है पर वह मजबूर हैं। उनके पास पार्टी छोड़ने के सिवाय कोई विकल्प नहीं बचा है। ऐसे में उन्होंने जो भी फैसला किया है, बहुत सोच समझ कर लिया है।

आम आदमी पाटीं में हो सकते हैं शामिल

विभूति शर्मा बुधवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। करीब एक माह से पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ उनकी बातचीत चल रही थी। बताया जा रहा है कि वे इस दौरान कई बार मैराथन बैठकों में शामिल हुए। उनको भरोसा दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनको आप उम्मीदवार बनाएगी।