कृत्रिम पैर में छिपाकर लाई जा रही थी तीन किलो अफीम, आरोपित गिरफ्तार
देहात पुलिस ने कृत्रिम पैर में छुपा कर लाई जा रही अफीम समेत एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। देहात पुलिस ने कृत्रिम पैर में छुपा कर लाई जा रही अफीम समेत एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उससे कुल 3 किलो अफीम बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपित मान सिंह मध्य प्रदेश के आंगर जिले के अंबा बड़ौद ठाकुर का मोहल्ला का रहने वाला है। उसे विधिपुर फाटक से बस से नीचे उतरने के बाद पकड़ा गया। डेढ़ किलो अफीम उसके कृत्रिम पैर से और बाकी डेढ किलो उसने कमर पर बांधी हुई थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी राजवीर सिंह ने कहा कि यह अफीम आगे किसे दी जानी थी, इस बारे में पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले देहात पुलिस ने गत शनिवार को नशा तस्करों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच किलोग्राम हेरोइन की तस्करी करने जा रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। लोहियां पुलिस ने सुल्तानपुर लोधी के गांव लटियावाल के रहने वाले वीरयोद्ध सिंह उर्फ रुलदु पुत्र दर्शन सिंह और पूजा उर्फ रूबी पत्नी सुख सिंह के पास से पुलिस ने ढाई किलो हेरोइन बरामद की। जबकि फिल्लौर पुलिस ने नाइजीरिया के रहने वाले विक्टर एडमी डेविड पुत्र नैथियल के पास से ढाई किलो हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की थी। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए इन तस्करों से पता लगाने की कोशिश में है कि जिले में नशे की सप्लाई कहां से हो रही है, ताकि इस समस्या पर लगाम कसने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।