अब घरेलू गैस कनेक्शन पर मिलेगा कंपोजिट सिलेंडर का विकल्प, सब्सिडी भी मिलेगी, जानें
कंपोजिट गैस सिलेंडर सामान्य सिलेंडर के मुकाबले वजन में कम होने के साथ-साथ जंग रोधक भी होगा। यहीं नहीं दस किलो गैस की भर्ती की क्षमता वाले इस सिलेंडर का वजन भी कुल 15 किलो होगा। यानि सिलेंडर का वजन केवल पांच किलो तक ही होगा।
शाम सहगल, जालंधर। अब घरेलू गैस कनेक्शन पर उपभोक्ताओं को कंपोजिट सिलेंडर का विकल्प भी मिलेगा। जो लाल रंग के सामान्य सिलेंडर के मुकाबले वजन में कम होने के साथ-साथ जंग रोधक भी होगा। यहीं नहीं दस किलो गैस की भर्ती की क्षमता वाले इस सिलेंडर का वजन भी कुल 15 किलो होगा। यानि सिलेंडर का वजन केवल पांच किलो तक ही होगा।
इसके प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए इंडियन आयल कार्पोरेशन ने प्रमोशनल वैन लांच की। जो इस नए उत्पाद के लाभ तथा इस्तेमाल को लेकर जागरूक करेगी। दरअसल, रसोई गैस सिलेंडर के इस्तेमाल को आसान तथा आकर्षक बनाने के लिए इंडियन आयल कार्पोरेशन ने नए उत्पाद उतारने का फैसला लिया था। इसके तहत कंपोजिट गैस सिलेंडर उतारा गया है। इस सिलेंडर पर गैस कितनी शेष बची है, सिलेंडर में यह पारदर्शी होगा। सिलेंडर के एक तरफ हार्ड ग्लास लगाया है, जिसमें शेष गैस दिखाई देगी।
घरेलू गैस सिलेंडर के मुताबिक मिलेगी सब्सिडी
कंपोजिट गैस सिलेंडर पर सामान्य गैस सिलेंडर के मुताबिक ही सरकार द्वारा सब्सिडी दी जाएगी। आल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन के जिला अध्यक्ष ललतेश भसीन ने बताया कि कंपोजिट गैस सिलेंडर पर भी घरेलू गैस सिलेंडर की तर्ज पर ही सब्सिडी होगी।
यह भी पढ़ें: Video: एक्सप्रेस वे के मध्य आई सवा करोड़ की कोठी तो लिया 'देसी इंजीनियरिंग' सहारा, देखें चलता मकान
नए गैस कनेक्शन में दोनों तरह के विकल्प मिल रहे
रसोई गैस सिलेंडर का नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को दोनों तरह का विकल्प दिया जा रहा है। ललतेश भसीन के मुताबिक कई उपभोक्ताओं दूसरे शहर से शिफ्ट होने के दौरान गैस सिलेंडर साथ ले आते है। ऐसे में उन्हें दोनों तरह का विकल्प दिया जा रहा है।
प्रमोशन के लिए उपहारों की भी पेशकश
इंडेन मंडल कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान कंपनी के डिविजनल हेड एलपीजी डा. सुनील कुमार के साथ सहज अरोड़ा व गुरप्रीत कौर विशेष रूप से शामिल हुए। दिवाली आफर लांच करते हुए उन्होंने कहा कि उपहार के रूप में स्मार्ट घड़ियां भेंट की जाएंगी।