बैंक एंक्लेव में पूर्व कैशियर ने फंदा लगा समाप्त की जीवनलीला, दूसरी पत्नी करती थी परेशान
दस साल पहले पहली पत्नी की मौत के बाद दर्शन सिंह ने अमनप्रीत के साथ शादी की थी। उनका दूसरी पत्नी के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था।
जागरण संवादाता. जालंधरः एनआरआइ के पिता व पूर्व बैंक कैशियर 68 वर्षीय दर्शन सिंह निवासी बैंक एन्क्लेव ने अपनी दूसरी पत्नी से परेशान होकर फंदा लगा आत्महत्या कर ली। मौके से मिले सुसाइड नोट में मृतक ने यह बात लिखी है। मामले की सूचना दर्शन सिंह के यूके और अमेरिका में रहते दोनों बेटों को दे दी गई है। उनके देश पहुंचने पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि दर्शन सिंह पंजाब एंड सिंध बैंक से कैशियर के रूप में अपनी सेवाएं देकर रिटायर्ड हुए थे। दस साल पहले पहली पत्नी की मौत के बाद उन्होंने दूसरी शादी अमनप्रीत कौर के साथ की थी। पहली पत्नी से उनके दो बेटे और एक बेटी है। एक बड़ा बेटा राजिंदर अमेरिका में रहता है और छोटा बेटा रमिंदर सिंह यूके में रहता है। दर्शन सिंह के साथ उनकी 25 वर्षीय बेटी रहती है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई। एसएचओ ने बताया कि शव के पास से मिले सुसाइड नोट के मुताबिक दर्शन अपनी दूसरी पत्नी अमनप्रीत कौर से परेशान थे।
प्रॉपर्टी विवाद बना मौत का कारण
शुरुआती जांच के मुताबिक दर्शन सिंह और अमनप्रीत कौर के बीच प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। अमनप्रीत को बार-बार समझाने के बावजूद वह दर्शन सिंह पर किसी न किसी तरह का दबाव बनाती थी। एसएचओ ने कहा कि फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी के खिलाफ कोई केस नहीं दर्ज किया। वीरवार को पुलिस दर्शन सिंह के परिजनों व उनके बेटों और बेटी के बयान दर्ज कर मामले में बनती कार्रवाई करेगी।