यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जालंधर के सिविल अस्पताल में नर्सों के बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल, रोजाना 2 घंटे काम ठप रखेंगी
सिविल अस्पताल जालंधर में ठेके पर तैनात सफाई कर्मियों ने राज्य सरकार के समक्ष पक्का करने की मांग रखी है। ...और पढ़ें

जासं, जालंधर। सिविल अस्पताल में मरीजों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। स्टाफ नर्सों के बाद कांट्रेक्ट पर रखे सफाई कर्मियों ने हड़ताल कर दी है। ठेके पर तैनात सफाई कर्मियों ने राज्य सरकार के समक्ष पक्का करने की मांग रखी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, रोजाना 2 घंटे काम ठप कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
शनिवार को सिविल अस्पताल में ठेके पर तैनात कर्मचारियों ने इमरजेंसी वार्ड के बाहर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूनियन के प्रधान जितेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल में पिछले करीब 10 साल से सफाई कर्मी ठेके पर ड्यूटी कर रहे हैं। उन्हें बहुत कम वेतन दिया जाता है। ठेकेदार की मनमानी के चलते उन्हें सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। इससे पहले मुलाजिमों को पक्का करने के लिए विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया था परंतु नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा। धरना दे रहे कर्मचारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें न मानी गई तो वे संघर्ष तेज करेंगे।
अनुंबध रखे गए हैं ये सफाई कर्मचारी
बता दें कि इन सफाई कर्मचारियों को अनुबंध के आधार पर ठेकेदार की ओर से रखा गया है। इनको भुगतान आदि ठेकेदार की ओर से ही किया जाता है।
