जिले में दो और तीन मार्च को बनेंगे नए वोट, कुल वोटों की संख्या जा सकती है 16 लाख के पार
चुनाव आयोग के निर्देश पर 31 जनवरी तक की वोटर लिस्टें बन चुकी हैं। दो दिन में जितनी वोट बनेंगी उसकी सप्लीमेंट्री लिस्ट बनेगी।
जागरण संवाददाता, जालंधर। लोकसभा चुनाव से पहले 2 और 3 मार्च को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर नए वोट बनाए जाएंगे। इस समय सभी पार्टियों को नजर युवा वोटरों पर है। उम्मीद जताई जा रही है कि दो दिन में बड़ी गिनती में नए वोटर जुड़ेंगे।
चुनाव आयोग के निर्देश पर 31 जनवरी तक की वोटर लिस्टें बन चुकी हैं। दो दिन में जितनी वोट बनेंगी, उसकी सप्लीमेंट्री लिस्ट बनेगी। 2 और 3 मार्च को वोट बनाने, संशोधन करने और शिफ्ट करने के लिए प्रशासन ने तैयारी की है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी इसमें जुट गए हैं। जिले में इस समय 15,74,968 वोटर हैं। इनकी गिनती पहली बार 16 लाख के पार जा सकती है। 100 प्रतिशत सूची वोटर की फोटो के साथ है।
फिल्लौर में सबसे ज्यादा वोटर, जालंधर वेस्ट में सबसे कम
वोटर सूची में सबसे ज्यादा वोटर फिल्लौर में हैं, जबकि सबसे कम वोटर जालंधर वेस्ट में है। लोकसभा में 23 वोटर ट्रांसजेंडर भी हैं। 31 जनवरी तक बनी सूची के मुताबिक सबसे ज्यादा वोट 5542 शाहकोट में बने हैं। सबसे अधिक 2238 वोट एतराज और अलग-अलग कारणों से जालंधर कैंट में काटे गए हैं।
विधानसभा हलका वोटर
फिल्लौर 197697
नकोदर 188035
शाहकोट 176051
करतारपुर 173388
जालंधर वेस्ट 157487
जालंधर सेंट्रल 159859
जालंधर नार्थ 177237
जालंधर कैंट 185064
आदमपुर 160150