मेयर के स्टैंड के बाद पार्षदों ने शुरू किया सफाई अभियान, युवाओं के सहयोग से कूड़ा उठवाया
नगर निगम के सफाई मुलाजिमों का एक गुट सफाई अभियान में शामिल है। उनका फोकस मेन डंपों पर है। इसलिए मोहल्लों में सफाई अभियान का काम अब पार्षद संभालने की तैयारी कर रहे हैं।
जालंधर, जेएनएन। सफाई मुलाजिमों की हड़ताल के खिलाफ मेयर जगदीश राजा द्वारा कड़ा स्टैंड लेने के बाद अब पार्षद भी खुल कर सामने आने लगे हैं। मेयर जहां खुद डंपों की सफाई का जायजा ले रहे हैं, वहीं वार्ड नंबर 50 से पार्षद परमजोत सिंह शैरी चड्डा ने युवाओं की टीम को साथ लेकर वार्ड क्षेत्र में खुद सफाई शुरू कर दी है। पार्षद शैरी चड्डा ने बताया कि इलाके में सफाई मुलाजिमों के न आने से कूड़ा इकट्ठा हो रहा था। जब मेयर और विधायक खुद फील्ड में जाकर सफाई करवा सकते हैं तो उनका अनुसरण सभी पार्षदों को करना चाहिए।
शहर के कई और पार्षद भी अपने इलाकों में सफाई अभियान चलाने की तैयारी में हैं। नगर निगम के सफाई मुलाजिमों का एक गुट सफाई अभियान में शामिल है। उनका फोकस मेन डंपों पर है। इसलिए मोहल्लों में सफाई अभियान का काम अब पार्षद संभालने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, हड़ताल पर चल रहे सफाई सेवकों ने शुक्रवार को निगम परिसर में दो घंटे के लिए धरना दिया। सफाई सेवकों को यह संदेश नहीं जा सका था कि धरना नहीं दिया जाना था। इसलिए सभी धरने के लिए पहुंच गए थे। यूनियन नेता चंदन ग्रेवाल शुक्रवार को शहर से बाहर थे।
यूनियनों से मीटिंग पहले आज विधायक लेंगे पार्षदों की राय
सीवरमैनों की आउटसोर्सिंग पर भर्ती के विरोध में सफाई मुलाजिमों की हड़ताल के मामले में यूनियनों के साथ मीटिंग से पहले मेयर और विधायक शनिवार को पार्षदों से राय लेंगे। शुक्रवार को मेयर से मीटिंग में पार्षदों ने कहा कि यूनियन नेताओं से मीटिंग में जो मुद्दे उठाए जाने हैं, उन पर चर्चा कर लें। मेयर हाउस में हुई मीटिंग में कुछ देर के लिए सांसद चौधरी संतोख सिंह भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि विधायक कल इस मामले को निपटा लें। यूनियनों से बात करके हड़ताल खत्म करवाएं और जरूरत हुई तो वे भी मीटिंग में आ जाएंगे। मेयर हाउस में सभी 80 पार्षदों के साथ शनिवार को शाम चार बजे मीटिंग रखी गई है। विधायक सुशील रिंकू शहर से बाहर हैं और संभावना है कि वह रविवार को यूनियनों के साथ मीटिंग से पहले शहर पहुंचने की कोशिश करेंगे।
मेयर जगदीश राजा ने कहा कि उन्हें डीसी रेट पर भर्ती पर कभी एतराज नहीं रहा। अगर सरकार डीसी रेट पर भर्ती की मंजूरी देती है तो जालंधर सबसे पहले इस पर काम करेगा।
मिनिस्ट्रियल सर्विस यूनियन ने भी हड़ताल की घोषणा की
म्यूनिसिपल मिनिस्ट्रिसल इंप्लाइज यूनियन ने सफाई मुलाजिमों की हड़ताल को समर्थन दे दिया है। कमिश्नर को 72 घंटे पहले यह जानकारी दे दी है कि अगर कि वह दो मार्च से वह अनिश्चितकालीन कलम छोड़ हड़ताल पर जा रहे हैं। हालांकि इस समर्थन को लेकर भी विवाद है। यूनियनों के कई सदस्यों ने निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा से मिल कर कहा है कि वह हड़ताल में शामिल नहीं हो रहे हैं।
सफाई न होने से फैल सकती हैं बीमारियां : विपक्ष
नगर निगम में विपक्षी दल के पार्षदों ने शहर में फैली गंदगी पर चिंता जताई है। भाजपा पार्षद दल के उपनेता सुशील शर्मा, पार्षद शैली खन्ना, बलजीत प्रिंस ने कहा कि सीवरमैनों और सफाई सेवकों की भर्ती डीसी रेट पर ही होनी चाहिए। मेयर जगदीश राजा दो साल में शहर का विकास करवाने में असफल रहे हैं। अब मुलाजिमों को भी उनका हक नहीं दिया जा रहा।