जालंधर के कांग्रेस भवन में विधायक बेरी व कार्यकताओं ने स्व. इंदिरा गांधी को भेंट की श्रद्धांजलि
महिला कांग्रेस अध्यक्ष डाक्टर जसलीन सेठी ने कहा कि देश में महिलाओं के सशक्तिकरण का श्रेय पूरी तरह से इंदिरा गांधी को जाता है। 1947 से पहले देश की आजादी के लिए बड़ा योगदान दिया और जेल भी काटी थी।
जालंधर, जेएनएन। देश की भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनके 103वें जन्मदिन पर कांग्रेस ने याद करते हुए श्रद्धांजलि भेंट की। इस मौके पर कांग्रेस भवन में स्वर्गीय इंदिरा गांधी के चित्र पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित किए और नमन किया। विधायक राजेंद्र बेरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष व पार्षद डा. जसलीन काैर सेठी समेत कई नेता कार्यक्रम में शामिल हुए।
विधायक राजेंद्र बेरी ने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी का जीवन हम सभी को प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने देश हित में कई बड़े फैसले दिए और देश की एकता अखंडता के लिए ही अपना बलिदान दिया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष डाक्टर जसलीन सेठी ने कहा कि देश में महिलाओं के सशक्तिकरण का श्रेय पूरी तरह से इंदिरा गांधी को जाता है।
उन्होंने 1947 से पहले देश की आजादी के लिए बड़ा योगदान दिया और जेल भी काटी थी। आजादी के बाद जब वह प्रधानमंत्री बनी तो देश की एकता और अखंडता के लिए लगातार काम करती रही। देश को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए भी उन्होंने कई बड़े फैसले भी लिए। उन्होंने कहा कि देश की सभी महिलाओं को इंदिरा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के कार्यवाहक प्रधान बलदेव सिंह देव स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण इस प्रोग्राम में शामिल नहीं हो पाए। इसी कारण से वह पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज हरीश रावत के जालंधर दौरे के दौरान भी नहीं पहुंच सके थे। प्रोग्राम में सुधीर घुग्गी, आशा अग्रवाल, जितेंद्र मार्शल, हरपाल सिंह संधू, हरजीत सिंह बिका मौजूद थे।