युवक किशोरी को अगवा कर नशे के इंजेक्शन देकर चार दिन तक करता रहा दुष्कर्म
जालंधर में एक लड़की की मदद से युवक ने किशोरी का अपहरण किया और उसे अंबाला ले गया। वहां उसने उसे बंधक बनाकर चार दिन तक हवस का शिकार बनाया।

जेएनएन, जालंधर छावनी। रामा मंडी के दकोहा में 15 साल की किशोरी को उसकी ही सहेली ने जाल में फंसा दिया। सहेली ने उसे एक युवक के साथ स्कूटी पर बैठाया और फिर नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे युवक के साथ भेज दिया। युवक ने उसे अंबाला में चार दिन तक बंधक बनाकर रखा और दुष्कर्म करता रहा। इस वह जब भी होश में आती उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया जाता। पुलिस ने मामले में दो लड़कियों मीनू, प्रिया तथा अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है।
रामा मंडी एसएचओ राजेश ठाकुर ने बताया कि किशोरी के मुताबिक 6 मार्च को वह दादी के लिए फिल्टर का पानी लेने बुआ के घर गई थी। बुआ के घर के पीछे खेतों में उसे एक्टिवा पर आई प्रिया व एक युवक मिले। सहेली होने के नाते प्रिया ने उसे बातों में लगाकर स्कूटी पर बैठा लिया। फिर कुछ सुंघा दिया जिससे उसे नींद आने लगी। प्रिया स्कूटी लेकर उसे कैंट स्टेशन ले गई। जहां युवक उसे लेकर ट्रेन में बैठ गया।
युवक ने एक स्टेशन पर आने पर किसी से फोन पर बात की कि वह अंबाला आ गया है। युवक उसे ट्रेन से उतारकर सुनसान स्थान पर खोखेनुमा जगह पर ले गया। जहां युवक ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करता था। धमकियां भी देता था।
चार दिन तक दुष्कर्म करने के बाद वह उसे 10 मार्च को वापस कैंट स्टेशन ले आया। उसे जब भी होश आता था वह उसे नशे का इंजेक्शन लगा देता था। कैंट स्टेशन पर दोपहर 12 बजे उसे छोड़ने के बाद युवक भाग गया। कुछ देर बाद उसे इलाके का ही कालू नाम का युवक मिला। उसने हालचाल पूछा तो सारी आपबीती बयां की। कालू ने घरवालों को बुलाया। दकोहा चौकी पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराया। साथ ही उसकी सहेली प्रिया और मीनू को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।