झगड़ा सुलझाने आया था ससुर, हाथापाई में दामाद ने दिया धक्का, मौत
थाना लांबड़ा के अधीन गांव निझरां में बेटी और दामाद के झगड़े को सुलझाने गए 60 वर्षीय व्यक्ति को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया।
जालंधर, जेएनएन। थाना लांबड़ा के अधीन गांव निझरां में बेटी और दामाद के झगड़े को सुलझाने गए 60 वर्षीय व्यक्ति को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। वह गांव के रसूखदार लोगों के साथ अपने दामाद के घर पहुंचा था, जहां उसकी अपने दामाद के साथ बहस इतनी बढ़ गई कि नौबत हाथापाई तक आ गई और इस बीच दामाद ने उसे धक्का दे दिया। धक्का देने से जमीन पर गिरे ससुर की वहीं मौत हो गई। मृतक की पहचान नकोदर के गांव चक्क वेंहडल के निर्मल सिंह के रूप में हुई है। आरोपित दामाद गांव निझरां का रहने वाला तरनजीत सिंह उर्फ तन्ना है।
थाना लांबड़ा के एसएचओ रमनदीप ने बताया कि आरोपित तरनजीत सिंह की शादी 11 साल पहले निर्मल सिंह की बेटी के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपित तरनजीत का अपनी पत्नी के साथ पिछले कई दिनों से झगड़ा चल रहा था। झगड़ा सुलझाने के लिए निर्मल सिंह बुधवार सुबह छह बजे के करीब गांव के रसूखदार लोगों को लेकर अपनी बेटी के ससुराल पहुंचा था। यहां दोनों पक्षों में कोई समझौता नहीं हो पाया तो सभी घर से बाहर आ गए। निर्मल सिंह घर से बाहर निकल रहे थे कि उनकी एक बार फिर से दामाद से पहले बहस होने लगी और देखते ही देखते दोनों में हाथपाई होने लगी।
आरोपित तरनजीत ने जोर से अपने ससुर निर्मल सिंह को धक्का दे दिया और वह जमीन पर गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने निर्मल सिंह को उठाना चाहा तो वह बेसुध थे। उनके साथ आए लोग उन्हें तुरंत काला संघिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएचओ ने बताया कि आरोपित तरनजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपित उक्त घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें