सौतेली बेटी से अश्लील हरकतें करता था पिता, मां ने शिकायत देकर दर्ज करवाया केस
जालंधर पुलिस ने अपनी सौतेली बेटी के साथ अश्लील हरकतें कर उसका यौन शोषण करने के आरोपित पर केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ अपनी नाबालिग सौतेली बेटी का यौन शोषण करने व उससे अश्लील हरकतें करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पीड़ित लड़की की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका अपने पति से झगड़ा हो गया था। राजेश नामक व्यक्ति ने इसका फायदा उठाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। 2004 में राजेश से उसे एक बेटा हुआ। वह पहले पति को छोड़कर उसके साथ पत्नी की तरह रहने लगी।
महिला के मुताबिक पहले पति से हुई बेटी भी उसी के पास रह रही थी। एक दिन बेटी ने रो-रो कर बताया कि उसका सौतेला पिता उस पर बुरी नीयत रखता है। कई बार वह उसके साथ जबरन अश्लील हरकतें कर चुका है। डरा धमका कर वह पिछले लंबे समय से उसका यौनशोषण करता आ रहा है।
मामला नाबालिग लड़की से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए उच्च स्तर के अधिकारी से जांच करवाई। जांच के बाद पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के आदेशों पर सौतेले पिता के खिलाफ पोस्को एक्ट व अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।