विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हाथों में तलवारें, दुकानों में लूटपाट'... LPU की 3 छात्राओं के वायरल वीडियो पर बढ़ा सस्पेंस, पुलिस खंगाल रही सच

Published: Tue, 29 Sep 2026 12:01 PM (IST)

LPU में हुए बवाल के दौरान कैंपस स्थित दुकानों में तोड़फोड़ और लूटपाट की खबरें सामने आई हैं, जहां कई शोरूम को निशाना बनाया गया।

एलपीयू  के कुछ वीडियो से मचा हड़कंप।

एलपीयू  के कुछ वीडियो से मचा हड़कंप।

HighLights

  1. LPU कैंपस में तोड़फोड़ और दुकानों में लूटपाट हुई

  2. कई शोरूम और कपड़ों की दुकान को निशाना बनाया गया

  3. तीन छात्राओं के वायरल वीडियो पर पुलिस जांच कर रही है

सुक्रांत, जालंधर। जालंधर-फगवाड़ा रोड स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हुए बवाल के दौरान तोड़फोड़ के साथ कई दुकानों में लूटपाट किए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों की भीड़ के बीच कुछ शरारती तत्व घुस गए और उन्होंने कैंपस में स्थित शोरूम और दुकानों को निशाना बनाया।

LPU में रातभर चले हंगामे के दौरान कई जगहों पर तोड़फोड़ की गई और सामान उठाकर ले जाने के आरोप हैं। कैंपस के अंदर स्थित माल में ट्रेसर, डेल और लेनेवो समेत कई शोरूम और दुकानों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

दुकानों में लूटपाट

इसके अलावा कपड़ों की दुकान को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी मिली है। दुकानों के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई जगहों पर शीशे टूटे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने दुकानों में घुसकर सामान बाहर निकाला और अपने साथ ले गए।

कुछ छात्रों ने यह भी दावा किया कि बवाल के दौरान कुछ लोग हाथों में तलवारें लेकर कैंपस के अंदर घूम रहे थे। उन्होंने रात में स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि कई हिस्सों में पुलिस की मौजूदगी नहीं थी और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो गई थी।

इसी दौरान शरारती तत्वों ने माल सहित दुकानों को निशाना बनाया। हालांकि, लूटपाट में कितना सामान चोरी हुआ और कितने शोरूम प्रभावित हुए हैं, इसका वास्तविक आंकड़ा पुलिस जांच और दुकानदारों की शिकायतों के बाद ही सामने आ पाएगा।

तीन छात्राओं के वीडियो को लेकर भी असमंजस

एलपीयू में हुए घटनाक्रम के बाद इंटरनेट मीडिया पर तीन छात्राओं से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो को एलपीयू की रजिस्ट्रार की ओर से साझा किया गया, जिसमें तीन छात्राएं कथित तौर पर यह कहती नजर आ रही हैं कि उनके साथ कुछ नहीं हुआ है।

इसके बाद दूसरा वीडियो सामने आया। इसमें वही तीन छात्राएं कथित तौर पर कह रही हैं कि उन्होंने ऐसा कोई वीडियो नहीं बनाया था और उनका इस्तेमाल किया गया है। दोनों वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद मामले को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है।

पुलिस तलाश रही वीडियो की सत्यता

पुलिस अब दोनों वीडियो की सत्यता, उन्हें कब और किस परिस्थिति में रिकार्ड किया गया तथा इन्हें इंटरनेट मीडिया पर किसने प्रसारित किया, इसकी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। वहीं, एलपीयू में हुई तोड़फोड़, आगजनी और लूटपाट के मामलों में भी पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें- LPU में 5 दिन पहले ही रची गई थी बवाल की साजिश, गर्ल्स हॉस्टल से वायरल हुई थी Reddit पर फर्जी पोस्ट