निचले इलाकों में भरा बरसाती पानी, सड़कों में गड्ढों ने बढ़ाई वाहन चालकों की परेशानी Jalndhar News
120 फुट रोड प्रीत नगर-सोढल रोड पर सबसे ज्यादा परेशानी रही। सोढल में तो भाजपा नेताओं ने पानी में कश्ती चलाकर विरोध दर्ज करवाया।
जालंधर, जेएनएन। रविवार सुबह हुई तेज बरसात से कई इलाकों में पानी भर गया। हालांकि निकासी ठीक होने से ज्यादातर इलाकों में हालात कंट्रोल में रहे। करीब आधा घंटा तेज बरसात हुई, उसके बाद रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। शहर के निचले इलाकों में जलभराव से लेाग परेशान रहे। 120 फुट रोड, प्रीत नगर-सोढल रोड पर सबसे ज्यादा परेशानी रही। बरसात से तापमान में भी गिरावट आई है। रविवार को दिन का तापमान 30 डिग्री से कम पर आ गया। मानसून पूरी तरह एक्टिव हो गया है और अगले कुछ दिनों में तेज बरसात, तेज हवाएं जनजीवन प्रभावित रखेंगी।
बारिश के बाद दोमोरिया पुल पर जमा पानी में से गुजरते हुए वाहन चालक।
छुट्टी होने के कारण नगर निगम की टीमें कम सक्रिय नजर आईं। हालांकि मेयर जगदीश राजा की डांट के बाद रोड व गलियां साफ करने से पानी की निकासी तेज हुई है। बरसात के कारण सड़कों का दम निकल रहा है और सड़कों पर गड्ढों से लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
प्रीत नगर रोड में भाजपाइयों ने चलाई किश्ती
सोढल-प्रीत नगर में सड़क पर जमा पानी पर कश्ती चला विरोध दर्ज करवाते हुए भाजपा नेता।
प्रीत नगर-सोढल रोड पर जलभराव के जरिये भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष किया है। उन्होंने वहां पानी में कश्ती चलाकर कांग्रेस सरकार के कामकाज की निंदा की। जिला भाजपा के उपप्रधान एंव पूर्व भाजपा पार्षद भगवान प्रभाकर, पार्षद सुशील शर्मा, युवा नेता जौली बेदी ने कहा कि सिर्फ दो बार बारिश से नगर निगम की व्यवस्था की पोल खुल गई है। कूड़े की लिफ्टिंग न होने से बरसात के पानी के साथ सड़कों पर कूड़ा तैर रहा है।
कांग्रेस नहीं शुरू कर रही प्रोजेक्ट : बेदी
जौली बेदी ने कहा कि कांग्रेस विधायक बावा हैनरी ने प्रीत नगर-सोढल रोड से बरसाती पानी की निकासी के लिए शुरू करवाए प्रोजेक्ट को महंगा बता कर बीच में ही रोक दिया और अब तक अपना प्रोजेक्ट शुरू नहीं करवा सके। भाजपा सरकार के समय 4.50 करोड़ का प्रोजेक्ट बनाया गया था, जिसे महंगा बताया गया था। अब कांग्रेस ने 7 करोड़ का प्रोजेक्ट बनाया है और वह भी शुरू नहीं किया जा रहा।
आम लोग हैं परेशान : पार्षद शर्मा
पार्षद सुशील शर्मा ने कहा कि 18 दिसंबर 2016 को प्रोजेक्ट का उदघाटन तब लोकल बॉडी मंत्री अनिल जोशी और विधायक केडी भंडारी ने किया था। बारिश के पानी को बाबा बालक नाथ नगर (भगत सिंह कॉलोनी) में पंप लगाकर बरसाती नाले में डालना था। निगम ने बाबा बालक नाथ नगर में लगभग 15 मरले भूमि भी खरीद ली थी। उन्होंने कहा कि बेशक कांग्रेस विधायक ने महंगा प्रोजेक्ट बनवाया है लेकिन इसे शुरू तो करवाएं। हर साल लोगों को बरसात में नुकसान होता है। घरों में पानी घुसता है और कामकाज भी ठप हो जाता है। यहां रितेश मनु, संजय बजाज, राजीव अरोड़ा, कुलवंत शर्मा, दिलबाग सिंह, संजय पाराशर, सतपाल, हैप्पी मौजूद रहे।