विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 साल की उम्र में अनाथ, 13 में मोबाइल से सीखा AI; अब 8 देश के युवाओं को मुफ्त ट्रेनिंग दे रहा पंजाब का प्रभजोत

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:36 PM (IST)Updated: Thu, 12 Nov 2026 06:48 PM (IST)

प्रभजोत सिंह, जिन्होंने 5 साल की उम्र में माता-पिता को खो दिया था, अब लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। ...और पढ़ें

8 देश के युवाओं को मुफ्त ट्रेनिंग दे रहा पंजाब का प्रभजोत। फोटो जागरण

8 देश के युवाओं को मुफ्त ट्रेनिंग दे रहा पंजाब का प्रभजोत। फोटो जागरण

HighLights

  1. 5 साल में माता-पिता खोए, 13 में मोबाइल से AI सीखा।

  2. 'ब्रिलियंट-पी' से 8 देशों के युवाओं को मुफ्त प्रशिक्षण।

  3. LPU छात्र प्रभजोत अब मोबाइल ऐप बनाने की तैयारी में।

अंकित शर्मा, जालंधर। कभी संसाधनों की कमी और परिस्थितियों से जूझते हुए जिस बच्चे ने मोबाइल फोन को अपनी पाठशाला बनाया था, आज वही सैकड़ों युवाओं के लिए डिजिटल शिक्षा का माध्यम बन गया है। पांच साल की उम्र में माता-पिता का साया सिर से उठ गया, लेकिन सीखने की ललक और कुछ कर गुजरने के जुनून ने उसे कभी रुकने नहीं दिया।

यह कहानी है पंजाब में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में बीटेक थर्ड ईयर के विद्यार्थी प्रभजोत सिंह की, जो खुद डिजिटल हुनर सीखकर अब देश-विदेश के युवाओं को निश्शुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं।

फरीदकोट के कोटकपूरा निवासी प्रभजोत सिंह जब महज पांच साल के थे, तभी उनके माता-पिता का निधन हो गया। इसके बाद मौसी सतविंदर कौर ने उन्हें अपने बेटे की तरह अपनाया और परवरिश की जिम्मेदारी संभाली। बचपन से ही नई चीजें सीखने की जिज्ञासा रखने वाले प्रभजोत के लिए मासी का सहयोग सबसे बड़ी ताकत बना।

मोबाइल और लैपटॉप मिला तो सीखने की मुहिम को मिली गति

कोविड काल में जब स्कूल-कालेज बंद हुए तो 13 साल के प्रभजोत ने इस समय को सीखने के अवसर में बदल दिया। इंटरनेट मीडिया और आनलाइन माध्यमों के जरिये उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), प्रोग्रामिंग और डिजिटल तकनीक की बारीकियां सीखनी शुरू कीं।

न कोई बड़ा संस्थान और न ही महंगे संसाधन, मोबाइल फोन ही उनकी दुनिया था। बाद में सुकीरत ट्रस्ट और एजुकेट पंजाब प्रोजेक्ट के सहयोग से मोबाइल फोन और लैपटाप मिला तो सीखने की मुहिम गति मिली।

प्रभजोत बताते हैं कि उन्होंने महसूस किया कि प्रतिभा की कमी नहीं, बल्कि आर्थिक संसाधनों का अभाव हजारों युवाओं के सीखने के रास्ते में बाधा बनता है। इसी सोच के साथ वर्ष 2020 में उन्होंने 'ब्रिलियंट-पी' संस्था की शुरुआत की। आज इस पहल के तहत आनलाइन और आफलाइन दोनों माध्यमों से निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इसमें गूगल वर्कस्पेस, पायथन, जावा, एआइ, ग्राफिक डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, वेबसाइट डेवलपमेंट और फ्रेंच भाषा जैसे विषय शामिल हैं। केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रहने के बजाय हैंड्स-आन प्रोजेक्ट्स, वर्कशाप, मेंटरशिप, करियर गाइडेंस और कम्युनिटी लर्निंग पर भी जोर दिया जाता है।

Jal-4

आठ देशों और 10 राज्यों तक पहुंचा अभियान

प्रभजोत के मुताबिक, अब तक अमेरिका, कनाडा सहित आठ देशों और देश के दस राज्यों के 1400 से अधिक विद्यार्थी इस पहल से जुड़कर प्रशिक्षण ले चुके हैं। 35 से अधिक स्कूलों और कालेजों में 250 से ज्यादा वर्कशाप आयोजित की जा चुकी हैं। उनका मानना है कि किसी युवा को केवल कौशल सिखा देना पर्याप्त नहीं है। उस कौशल का इस्तेमाल करके वह अपनी आजीविका कैसे कमा सकता है, इसकी समझ देना भी जरूरी है।

Jal-3

अब मोबाइल एप बनाने की तैयारी

प्रभजोत का सफर अब कई उपलब्धियों तक पहुंच चुका है। वह डिप्लोमा इन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में पंजाब स्टेट मेरिट लिस्ट में स्थान हासिल कर चुके हैं। स्टेट लेवल पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन में दूसरा और खो-खो प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर चुके हैं।

'आओ बनिये गुरसिख प्यारा' टीवी शो के विजेता रहने के साथ विभिन्न हैकाथान, इनोवेशन चैलेंज और इंटरनेशनल यूथ असेंबली में भी हिस्सा ले चुके हैं। अब उनका अगला लक्ष्य देश-विदेश का सबसे बड़ा निश्शुल्क लर्निंग प्लेटफार्म तैयार करना है। इसके लिए वह एक मोबाइल एप विकसित करने में जुटे हैं।

मैंने ब्रिलियंट-पी के माध्यम से निश्शुल्क वीडियो एडिटिंग का कोर्स किया। यहां से मिली ट्रेनिंग ने मुझे इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया। इसके बाद मैंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया। अब चैनल के माध्यम से मेरी कमाई भी हो रही है। प्रभजोत की यह पहल मेरे जैसे युवाओं को अपने हुनर के दम पर आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही है।

- हरमनजोत सिंह, लाभार्थी

 

मैंने ब्रिलियंट-पी से जुड़कर पायथन, जावा, वीडियो एडिटिंग और वेबसाइट डिजाइनिंग जैसी तकनीकें सीखीं। यहां केवल सिखाया ही नहीं गया, बल्कि इनका व्यावहारिक इस्तेमाल भी समझाया गया। इन स्किल्स की मदद से अब मैं खुद कमाई कर रहा हूं। निश्शुल्क प्रशिक्षण मिलने से मुझे आर्थिक बोझ उठाए बिना अपनी क्षमता पहचानने और उसे रोजगार में बदलने का मौका मिला। 

- अवनीत सिंह, लाभार्थी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।