उत्तराखंड व पंजाब के सीएम को कुमाऊं मंडल का पत्र, वापस भेजने का इंतजाम करें
कुमाऊं विकास मंडल ने पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिदर सिंह व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र लिखा है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : कुमाऊं विकास मंडल ने पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिदर सिंह व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र लिखकर जालंधर में फंसे उत्तराखंड के लोगों को सकुशल वापस गांव तक पहुंचाने की मांग की है। मंडल के प्रधान दुर्गा सिंह बिष्ट ने दोनों मुख्यमंत्रियों को पत्र लिख इसके लिए बस सेवा शुरू करने की अपील की है। प्रधान बिष्ट ने कहा कि पंजाब में कोरोना वायरस की संख्या दो हजार पार कर चुकी है और जालंधर जिला राज्य में दूसरे नंबर पर है। यहां उत्तराखंड से आए लोग होटलों व फैक्ट्रियों में काम करते हैं और किराए के मकान में रहते हैं। यहां फैक्ट्रियां सीमित संख्या में खुली हैं और होटलों का कामकाज बंद पड़ा है। ऐसे में उनका जीवन यापन मुश्किल हो चुका है। वे लोग वापस अपने गांव जाना चाहते हैं। उन्होंने स्पेशल बसों के जरिए इन्हें भेजने की मांग की।
इसके अलावा लुधियाना में भी राष्ट्रीय उत्तराखंड सभा के प्रदेश प्रधान कुलदीप नेगी ने गढ़वाल भ्रातृ मंडल, उत्तरांचल कुमाऊं विकास परिषद, उत्तराचंल एकता समिति, टिहरी विकास मंडल, गढ़वाल जनकल्याण सभा, गढ़वाल सेवा समिति व राठ त्रिपट्टी संस्था ने एकजुट होकर मांग की है कि यहां बेरोजगार हो चुके लोग उत्तराखंड जाना चाहते हैं, इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कराई जा चुकी है लेकिन अभी तक कोई सुविधा नहीं दी गई। उन्होंने पंजाब सरकार से तुरंत इस बारे में इंतजाम करने की मांग की।