Jalandhar Weather Update : रात को चली ठंडी हवाओं के बाद सुबह उमस ने फिर बढ़ाई लोगों की परेशानी
शहर में इस सप्ताह में अभी तक बारिश नहीं हुई है। आने वाले 48 घंटों में आसमान में गरज के साथ बादल छाए रहने तथा बारिश की संभावना है।
जालंधर, जेएनएन। बुधवार को सुबह से ही धूप खिलने तथा उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मंगलवार रात को चली तेज हवाओं के बाद बारिश की आस लगाए बैठे लोगों को भीषण गर्मी के साथ निराशा हाथ लगी। भले ही मौसम विभाग आने वाले 48 घंटों में आसमान में गरज के साथ बादल छाए रहने तथा बारिश की संभावना जताई है, लेकिन फिलहाल गर्मी अपना पूरा यौवन दिखा रही है।
कमजोर मानसून के चलते सप्ताह के शुरुआत से लेकर अभी तक बारिश की बौछार नहीं हो रही है। इसके विपरीत रोजाना धूप खिली रहने तथा उमस के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दिन भर अधिकतम 34 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना के साथ गर्मी में भी इजाफा होने के संकेत दिए जा रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 30 व 31 जुलाई को आसमान में फिर से बादल छाए रहने तथा बारिश की संभावना है।
शहर में रविवार को हुई थी बारिश
इससे पहले शहर में रविवार को बारिश देखने को मिली थी। रविवार दोपहर को हुई बारिश से लोगों को कुछ देर के लिए गर्मी से राहत मिली थी। अचानक शुरू हुई मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई इलाके देखते ही देखते जलमग्न हो गए थे। सुबह के समय 32 डिग्री तक पहुंचा तापमान बारिश शुरु होने के बाद 29 डिग्री रह गया था।
इस बार कमजोर दिख रहा मानसून
मौसम विभाग की तरफ से घोषित मानसून इस बार कमजोर दिख रहा है। जुलाई माह के मध्य में कुछ दिन तो मानसून की बौछार लगातार होती रही लेकिन माह के अंत में गर्मी ने फिर से अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है और लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।