Jalandhar Weather Update : जालंधर में तापमान में गिरावट के साथ बढ़ने लगी ठिठुरन, दोपहर को खिलेगी धूप
Jalandhar Weather Update जालंधर में आज दोपहर के समय खिलने वाली धूप लोगों को राहत देगी। तापमान में लगातार गिरावट हो रही है तो ठिठुरन भी बढ़ने लगी है। सप्ताह के पहले दिन के बाद मंगलवार को भी मौसम यथावत रहने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। सर्दी ने दस्तक दे दी है। जालंधर में तापमान में लगातार गिरावट हो रही है तो ठिठुरन भी बढ़ने लगी है। सप्ताह के पहले दिन के बाद मंगलवार को भी मौसम यथावत रहने की संभावना है। हालांकि सप्ताह के अंत में तापमान में और भी गिरावट हो जाएगी। लिहाजा, दोपहर के समय खिलने वाली धूप लोगों को राहत देती रहेगी। ऐसे संकेत मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों को लेकर दिए गए हैं। दरअसल, फेस्टिवल सीजन खत्म होते ही तापमान में इजाफा होना शुरू हो गया है।
इन दिनों न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्दी को दावत दे रहा है। तड़के तथा रात को तापमान में भारी गिरावट हो रही है, तो दोपहर के समय खिल रही धूप के बीच अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू रहा है। इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर विनीत शर्मा बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में तेजी के साथ परिवर्तन हो रहा है। उन्होंने कहा कि सप्ताह के अंतिम दिनों में तापमान में और भी गिरावट होगी। इसका असर सर्दी के साथ पड़ेगा। लिहाजा सप्ताह के मध्यांतर तक दोपहर के समय रोजाना धूप खिली रहेगी।