Jalandhar Weather Update : जालंधर में दोपहर बाद पड़ी बारिश की फुहारें, लोगों को उमस भरी गर्मी से मिली राहत
Jalandhar Weather Update जालंधर में सुबह से काले बादलों ने डेरा जमाया हुआ था। इसके बाद निकली धूप ने उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। दोपहर बाद करीब ढाई बजे तेज बारिश होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। Jalandhar Weather Update : महानगर में सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई तेज बारिश ने सुबह से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है। सुबह शहर के आसमान में बादल छाए थे लेकिन उसके बाद धूप ने उमस बढ़ा दी और लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान हो गए। आखिरकार दोपहर बाद उन्हें राहत मिली।
इससे पहले, शनिवार देर रात तथा रविवार को तड़के हुई मुस्लाधार बारिश से शहर के अधिकतर इलाके जलमग्न हो गए। जिसका असर बारिश बंद होने के बाद भी कई घंटों तक जलभराव के साथ रहा। दोपहर को खिली तेज धूप ने लोगों को पसीने से तरबतर कर दिया। उमस व गर्मी के प्रकोप का असर शहर के बाजारों में वीरानगी के साथ देखने को मिला। हालांकि, दिन ढलने के साथ गिरे तापमान ने लोगों को राहत दे दी। इस बीच 24 घंटे में दो डिग्री सेल्सियस डिग्री लुढ़क गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट हो गई।
शनिवार देर शाम आसमान में बादल छाए रहने व तेज हवाओं के बाद देर रात शुरू हुई बारिश रुक-रुककर होती रही। तड़के छह बजे के करीब हुई बारिश ने मौसम का मिजाज तो बदल दिया साथ ही शहर में जलभराव भी कर दिया। मौसम विभाग द्वारा सप्ताह के शुरूआती दिनों में मौसम यथावत बना रहने की संभावना जताई गई है। जिसके तहत आसमान में बादल छाए रहने तथा तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है।
इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डा. विनित शर्मा बताते है कि राज्य में मानसून की दस्तक के साथ ही जुलाई माह के अधिकतर दिन बारिश की संभावना है। इस बीच तेज धूप खिलने से उमस बढ़ सकती है। रविवार को दिन भर अधिकतम तापमान 33.3 व न्यूनतम 24.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।