पंजाब: न बच्चों के लिए रिश्ते आ रहे, ना घर बिक रहे... गंदे पानी से जालंधर की कॉलोनियों में बदतर हुए हालात
जालंधर के वार्ड नंबर दो के कई इलाकों में पिछले तीन साल से दूषित पेयजल और सीवरेज के पानी की ...और पढ़ें

हरगोबिंद नगर की गली में एक साल से सीवरेज जाम है। पार्षद हरप्रीत वालिया के साथ हालात दिखाते इलाके के लोग l राजकुमार
HighLights
दूषित पेयजल और सीवरेज से सामाजिक जीवन प्रभावित हो रहा।
चिकनगुनिया, डायरिया, टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारियां फैल रही हैं।
नगर निगम की लापरवाही और अपर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर मुख्य कारण।
जागरण संवाददाता, जालंधर। शहर में एक एरिया ऐसा भी है, जहां लोगों की सोशल लाइफ पर नगर निगम की लापरवाही भारी पड़ गई है। इस इलाके में लोगों के घरों में रिश्तेदार नहीं आते। बच्चों के रिश्ते नहीं हो रहे। लोग इस इलाके से अपना घर बेच कर जाना चाह रहे हैं तो घर नहीं बिक रहे।
कारण है, यहां पर दूषित पेयजल आपूर्ति और गलियों में जमा सीवरेज का पानी। यह इलाके हैं वार्ड नंबर दो के ट्रांसपोर्ट नगर और फोकल प्वांइट से सटे हरगोबिंद नगर, बचिंत नगर, परशुराम नगर और गदईपुर-रेरू के पास की कालोनियां। दैनिक जागरण टीम जब "जागरण आप के द्वार" के तहत इलाके की समस्याओं पर लोगों से बात करने पहुंची तो लोगों का निगम प्रशासन के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा।
तीन साल से बने हुए हैं ऐसे हालात
लोगों का कहना है कि तीन साल से इस इलाके में ऐसे ही हालात हैं। पहले दो साल तो सड़कों से सीवरेज का पानी ही खत्म नहीं हुआ। एक साल से इस समस्या को दूर करने के लिए काम तो हो रहा है,
लेकिन अभी भी कई गलियों में सीवरेज का पानी जमा है और इस कारण से लोगों के घरों में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। तीन साल के दौरान कई बार इलाके में ही लोगों ने धरना दिया तो कई बार नगर निगम मुख्यालय में भी प्रदर्शन किया। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा। इससे इलाके में लोग सेहत संबंधी समस्याएं भी झेल रहे हैं।
लोगों को हो रही बीमारियां
दूषित पानी की सप्लाई की वजह से चिकनगुनिया, डायरिया, टायफाइड और चमड़ी रोग हो रहा है। लखविंदर सिंह काला, तरसेम लाल, जोगिंदर प्रधान व सुरजीत सिंह का कहना है कि कई गलियां तो ऐसी हैं, जहां पर एक साल से सीवरेज का पानी खड़ा है। इससे दूषित हो चुका पानी पाइपों के जरिए घरों तक पहुंच रहा है।
इनका कहना है कि लोग इस इलाके में अगर बच्चों का रिश्ता लेकर आते भी हैं तो यहां के हालात देख कर लौट जाते हैं। इलाका निवासी राजन कुमार का कहना है कि उनका एक करीबी रिश्तेदार अपना घर उन्हें देकर चले गए हैं। वह अब किस्तों पर पैसे दे रहे हैं
कांग्रेस के पार्षद हरप्रीत वालिया क्या बोले?
जनता से चर्चा के लिए पहुंची जागरण टीम से वार्ड नंबर दो के कांग्रेस के पार्षद हरप्रीत वालिया ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि दूषित पानी की समस्या और सीवरेज जाम ने उनके वार्ड क्षेत्र के बड़े हिस्से के लोगों का सामाजिक जीवन प्रभावित किया है। इलाके में पानी और सीवरेज की पाइपलाइन छोटी है, जबकि आबादी काफी बढ़ गई है।
सारी दिक्कत इसी कारण है। कई बार मेयर-कमिश्नर से मिलने के बाद भी काम नहीं हो रहे। वालिया ने कहा कि वह इस समस्या को दूर करने के लिए एक साल से कोशिश कर रहे हैं।
नया डिस्पोजल लगाने के लिए निगम का टेंडर सिरे नहीं चढ़ रहा। यह काम करीब 49 लाख का है। पार्षद का आरोप है कि वह कांग्रेस से हैं, इसलिए सत्ता पक्ष के नेता उनके वार्ड में जानबूझ कर काम नहीं होने दे रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।