जालंधर से आगरा के लिए चलेगी सीधी वॉल्वो बस, ताज का दीदार करना होगा आसान Jalandhar News
जालंधर के शहीद भगत सिंह इंटर स्टेट बस टर्मिनल से जालंधर से आगरा के लिए वॉल्वो रवाना होने का समय सुबह 610 बजे निर्धारित किया गया है।
जालंधर, जेएनएन। अब जालंधर के लोगों के लिए ताज का दीदार कर पाना आसान होगा। पंजाब रोडवेज जालंधर अगले सप्ताह से जालंधर से आगरा तक की सीधी बस सेवा शुरू करने जा रही है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिपो की तरफ से इस रूट पर सुपर डीलक्स वॉल्वो बस चलाई जाएगी। पंजाब रोडवेज जालंधर के जनरल मैनेजर परनीत सिंह मिन्हास ने अगले सप्ताह से जालंधर-आगरा रूट पर वॉल्वो बस सेवा शुरू करने की पुष्टि की है।
जालंधर के शहीद भगत सिंह इंटर स्टेट बस टर्मिनल से जालंधर से आगरा के लिए वॉल्वो रवाना होने का समय सुबह 6:10 बजे निर्धारित किया गया है। जालंधर से आगरा जाने वाली वॉल्वो रात को आगरा में ही रोकी जाएगी और अगले दिन सुबह वापस जालंधर के लिए रवाना होगी।
मथुरा के लिए भी सीधी बस सेवा
इसी तरह से भगवान कृष्ण की जन्म स्थली मथुरा वृंदावन जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी जालंधर से मथुरा तक की सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है। उक्त बस साधारण होगी और सुबह 7:51 पर मथुरा के लिए रवाना हुआ करेगी।
रूट के लिए मिले परमिट
रोडवेज के जीएम ने बताया कि उक्त दोनों रूट के लिए डिपो की तरफ से परमिट अप्लाई किए गए थे, जोकि अब डिपो को प्राप्त हो गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक दोनों रूट्स पर अगले सप्ताह की शुरुआत में ही बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आगरा और मथुरा तक की सीधी बस सेवा के लिए यात्रियों की तरफ से पिछले लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। आगरा और मथुरा तक की निर्विघ्न यात्रा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन से भी बकायदा तौर पर अनुमति ली गई है और सुविधा के मुताबिक ही टाइम टेबल भी सेट किया गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें