यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jalandhar Smart City Project: जालंधर में तीन मुख्य मार्ग बंद हुए तो जरूरी बनी रेलवे स्टेशन की डबल एंट्री
Jalandhar Smart City Project नई दिल्ली के रेलवे स्टेशन की ही तर्ज पर जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन को भी डबल ...और पढ़ें

जालंधर, मनुपाल शर्मा। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के रेलवे स्टेशन की ही तर्ज पर जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन को भी डबल एंट्री देना जरूरी हो गया है। शहर के तीन मुख्य मार्ग बंद हो जाने के बाद अब सिटी रेलवे स्टेशन की डबल एंट्री जरूरी नजर आने लगी है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सिटी रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार के चलते आगामी लगभग डेढ़ महीने के लिए शहर के भीतर से तीनों मुख्य मार्ग बंद किए गए हैं। मुख्य मार्ग बंद हो जाने के चलते यात्रियों को स्टेशन परिसर के भीतर तक प्रवेश करने में ही भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें - जालंधर में 120 फुट रोड के बरसाती सीवरेज के निर्माण में एडहाक कमेटी ने लापरवाही पकड़ी, एसडीओ और जेई को लताड़ा
शहर में पेश आ रही भारी ट्रैफिक समस्या व यात्रियों को सिटी रेलवे स्टेशन तक पहुंचने में हो रही परेशानी के बाद अब एक बार फिर से दोमोरिया पुल की तरफ से सिटी रेलवे स्टेशन को दूसरा रास्ता देने की जरूरत दिखाई दे रही है। नगर निगम के मेयर जगदीश राजा और सांसद चौधरी संतोख सिंह ने भी अब सिटी रेलवे स्टेशन की डबल एंट्री को जरूरी बताया है। मेयर जगदीश राजा ने कहा कि अगर रेलवे स्टेशन को दोमोरिया पुल की तरफ से भी प्रवेश द्वार दे दिया जाता है तो फिर कम से कम ट्रैफिक के दबाव को 40 फीसद तक को कम किया जा सकता है।
जगदीश राजा ने तर्क दिया है कि सिटी रेलवे स्टेशन की पिछली तरफ (माल गोदाम की तरफ) पर्याप्त जगह उपलब्ध है और वहां पर पार्किंग के लिए एक भी एक बड़ा क्षेत्र उपलब्ध हो सकता है। यात्रियों की सुविधाओं के लिए तमाम सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकती हैं। सांसद चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि अब अति शीघ्र सिटी रेलवे स्टेशन को डबल एंट्री देने के लिए योजना पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन को सुविधाएं देने के लिए पूरा जोर लगाया गया और अब सिटी रेलवे स्टेशन को डबल एंट्री देने के लिए भी पूरी कोशिश की जाएगी।
