यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जालंधर में सड़क किनारे चाय पी रहा था बिहार का युवक, अनियंत्रित ट्राली ने मारी टक्कर अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
जालंधर की 120 फुटी रोड पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से एक ...और पढ़ें

जालंधर, जागरण संवाददाता। महानगर के थाना बस्ती बावा खेल इलाके के 120 फुटी रोड पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे सड़क के किनारे चाय पी रहे युवक को अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान नंद जीत राय निवासी थाना बसंतपुर, ग्राम बनसही, जिला सिवान बिहार के रूप में हुई।
मृतक बीते कई सालों से जालंधर में रहकर चाबी फैक्टरी में सुपरवाइजर का काम करता था। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना नंबर-5 की पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ट्रैक्टर ट्रॉली का ड्राइवर नशे में धुत बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी देते हुए मृतक के चचेरे भाई राज किशोर राय ने बताया कि सुबह करीब 10:00 बजे वह फैक्ट्री जाने के लिए निकले थे और 120 फुटी रोड पर चाय पी रहे थे। इस दौरान एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने नंद जीत राय को टक्कर मार द। उसे लेकर सिविल अस्पताल के लिए निकले लेकिन गंभीर रूप से घायल नंद जीत ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मृतक नंदजीत सिंह अपने पीछे पत्नी और 3 बच्चे छोड़ गया है जोकि उसके गांव सिवान बिहार में ही रहते हैं। दो भाइयों में सबसे बड़ा नंद जीत जालंधर में अपने छोटे भाई के साथ रहकर आजीविका चलाता था। वहीं घटना के बाद से मृतक के पैतृक गांव में मातम छाया हुआ है।
